इंदौर के कनाड़िया इलाके में रेस्टोरेंट में वहीं के कर्मचारी ने चोरी की। ताला टूटा होने की जानकारी रेस्टोरेंट के मैनेजर ने मालिक को दी। सीसीटीवी में नौकर हथौड़ी से कैश काउंटर का ताला तोड़ते दिख रहा है। फुटेज देखने के बाद पुलिस ने नौकर पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कर्मचारी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक राकेश मोहितकर निवासी ओमेक्स सिटी 2 में का बायपास रोड़ स्थित एम्पायर मार्केट में अंग्रेजी-देशी रेस्टोरेंट है। उनके यहां कर्मचारी कान्हा खोडे निवासी ग्राम धनपड़ा बड़वाह सफाई का काम करता है।
राकेश ने पुलिस को बताया कि गुरुवार 7 मार्च की रात रेस्टोरेंट बंद करके सभी कर्मचारी घर चले गए। अगले दिन रेस्टोरेंट बंद था तो मैनेजर शुभम राजपूत यहां पूजा करने शाम को पहुंचे। यहां देखा कि काउंटर का लॉक टूटा पड़ा है। और सामान बिखरा है। उसने मालिक राकेश को घटनाक्रम की जानकारी दी।
रेस्टोरेंट के कैमरे देखे तो उसमें कान्हा खोडे शटर का ताला खोलने के बाद अंदर आया और हथौड़ी से लॉक तोड़कर गल्ले में रखे करीब 98 हजार रुपए लेकर भाग गया। मामले में राकेश ने कनाड़िया पुलिस को शिकायत की। 14 दिन की जांच के बाद गुरुवार को केस दर्ज कर लिया गया।
