कूलर से करंट लगने से युवक की मौत हो गई। वह बॉथरूम से नहाकर निकला और कूलर पर रखे कपड़े उठाने लगा, तभी हादसे का शिकार हो गया। दो दिन पहले भी खंडवा रोड पर घर में पोछा लगा रही महिला की कूलर से करंट लगने से मौत हो गई थी। संयोगितागंज पुलिस के अनुसार हादसा रविवार सुबह 9 बजे हुआ। मृतक 30 वर्षीय लखन पिता चेतराम निवासी ग्राम बामन टेकरी थाना खुड़ैल है। वह नहाने के बाद कूलर पर रखे कपड़े उठा रहा था, तभी कूलर में फैले करंट से उसे झटका लगा तो उसने लोहे की अलमारी पकड़ ली, जिससे उसे ज्यादा अर्थिंग मिल गया और वह गश खाकर गिर पड़ा। उसका एक तरफ का कंधा पीछे से पूरा जल गया। उसे परिजन तुरंत एमवायएच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दो दिन पहले भी युवती को लगा था करंट
दो दिन पहले भी तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय रोशनी सांवले की करंट लगने से मौत हो गई थी। वह घर में पोछा लगा रही थी, तभी उसका कान का झुमका कूलर से टकरा गया और उसे करंट लग गया था। उसकी वहीं मौत हो गई थी। रोशनी के पति सूरज ने एक वर्ष पूर्व फांसी लगाकर जान दे दी थी। दोनों हादसोें में पुलिस जांच कर रही।
