पीसी सेठी अस्पताल में एक्स-रे सेवाएं रोक दी गई हैं। वजह यह है कि रेडियोलॉजी विभाग का प्रोसेसिंग रूम बंद है। कम्प्यूटर के यूपीएस में परेशानी है। इसे न तो सुधारा जा सका और न ही नया खरीदा जा सका। 20 दिन से परेशानी बनी हुई है।
अस्पताल में 5 एक्स-रे मशीनें हैं। इनमें से एक सीआर यानी कम्प्यूटराइज्ड रेडियोग्राफी और 4 पोर्टेबल मशीनें हैं। कम्प्यूटर के यूपीएस में दिक्कत के कारण प्रोसेसिंग रूम बंद कर दिया गया। इसकी सीएमसी खत्म हो गई। इसलिए अस्पताल को नया यूपीएस खरीदना होगा।
इसमें करीब 30 हजार का खर्च आना है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। जबकि यहां रोजाना औसत 40 एक्स-रे किए जा रहे हैं। तीर्थ यात्रा पर जाने वालों के एक्स-रे भी किए जाते हैं। अस्पताल इंचार्ज को भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। सिर्फ बैटरी नहीं होने से काम रुका है। विभाग 5 बार पत्र लिखकर इसे दुरुस्त करवाने की मांग कर चुका है।
