हीरा नगर थाना क्षेत्रांतर्गत गौरी नगर में एसपी कार्यालय (पूर्व में पुलिस चौकी) के सामने रह रहे एक युवक ने फांसी लगा ली… बताया जा रहा है कि उक्त युवक नशे का आदी था, जिसके चलते वह अपनी माँ और अन्य परिजनों से आए दिन विवाद भी करता था… फिलहाल बॉडी को एमवाय ले जाया गया है और मामले की पुलिसिया जांच-पड़ताल जारी है…
आखिर नशा कब तक लीलता रहेगा ”माँ के लाल”..?
इंदौर का पुलिसिया सिस्टम कितना सजग है उसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एसपी कार्यालय के ठीक सामने नशे की जद में आकर एक युवक अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेता है… उक्त युवक घर में इकलौता था और कुछ महीनों पूर्व ही उसके पिता की भी मृत्यु हो चुकी थी… उक्त युवक ही अपनी माँ और एक बहन का सहारा था, लेकिन नशे ने उसे ऐसा लीला कि उसने अपनी साँसों से ही तौबा कर ली… वैसे तो इंदौर का युवा वर्ग धीरे-धीरे चोरी-छुपे नशे की जद में घिरता जा रहा है, लेकिन यहां के गौरी नगर क्षेत्र में भी इन दिनों नशे का अवैध कारोबार बढ़ा है… यह पहला मामला नहीं है कि इस थाना क्षेत्रांतर्गत किसी युवक ने नशे की जद में आकर इस तरह से अपनी जीवन लीला समाप्त की हो… अगर पड़ताल की जाए तो आंकड़े खुद ही हकीकत बयां कर देंगे… आमजन की ओर से आला पुलिस अधिकारियों से यही निवेदन है कि ”क्षेत्र की खाकी” के भरोसे ना रहते हुए अपने ”ऊपरी सूत्रों” को काम पर लगाया जाए और ”असल नशा परोसने वालों” की धरपकड़ करते हुए इसकी जड़ को ही समाप्त किया जाए, ताकि आगे कोई और ”माँ का लाल” इस तरह से दुनिया छोड़े..!
