क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा, देर रात थाने पर हंगामा
संयोगितागंज थाना इलाके के उषागंज छावनी में गुरुवार रात दो पक्ष के लोगों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष का युवक अपने साथ 25-30 लोगों को लेकर आया और परिवार पर हमला कर दिया। घर में तोड़फोड़ करते हुए बुजुर्ग दंपती और उनके बेटे को बुरी तरह पीटा।
इधर हमला करने वाले पक्ष से भी 5 लोग जख्मी हुए हैं। पुलिस ने देर रात दोनों पक्षोें को मेडिकल के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार घटनाक्रम इलाके में रहने वाले सोनू गोयल के यहां हुआ है। सोनू ने पुलिस बताया कि उसके पीछे की गली में रहने वाला एक युवक घर के सामने घूम रहा था। वह फोन पर बातें कर किसी को गालियां दे रहा था।
इस पर मेरे पिता ने उसे कहा कि वह कहीं और जाकर बात करे, यहां परिवार रहता है। इस पर युवक आक्रोशित हो गया और परिवार से अभद्रता करने लगा। आरोपियों ने सोनू, बुजुर्ग पिता संजय गोयल और मां गायत्री गोयल को पीटा। उधर, दूसरा पक्ष भी थोड़ी देर बाद थाने पहुंचा। उन्होंने घेराव किया। उनका आरोप है कि गोयल परिवार के लोगों ने उन पर हमला किया। पुलिस ने देर रात भारी बल तैनात कर दिया।
