इंदौर लोकसभा सीट से शंकर लालवानी को टिकट मिलने पर नगरीय विकास, आवास एवं संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह व्यवस्था पार्टी और हमारे सीनियर लीडर तय करते हैं और मेरे बारे में भी निर्णय उन्हीं के द्वारा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि हम मध्य प्रदेश की सभी 29 सीट जीतेंगे और इस बार हमारा वोट बैंक भी बढ़ेगा। पिछली बार जितना हमें वोट शेयर मिला था, उससे कई ज्यादा इस बार मिलेगा। हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे सभी नेता और कार्यकर्ता हर बूथ पर जा रहे हैं। मैं अब तक पांच राज्यों में जा चुका हूं, कल गुजरात भी जा रहा हूं। हर बूथ के कार्यकर्ता से बात कर रहे हैं, 370 हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण आंकड़ा है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि इंदौर के विकास के लिए आज होने वाली बैठक को निरस्त कर कल भोपाल में किया जाएगा। कलेक्टर, महापौर और अन्य अधिकारियों को कल उन्होंने भोपाल में बुलाया है।
