द्वारकापुरी थाना क्षेत्र की गोंदवले धाम कालोनी का मामला, बिजली का पंचनामा बनाने के लिए आरोपित खुद ले गया था फिर बंधक बना लिया।
इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में पंचनामा बनाने को लेकर बिजली कंपनी के ठेकेदार को बंधक बना लिया। रुपये न देने पर उसकी पाइप से पिटाई की और बीस हजार रुपये भी वसूल लिए। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बंधक बनाने और मारपीट करने के मामले में एफआइआर दर्ज कर ली है। घटना गुरुशंकर नगर गोंदवले धाम की है। फरियादी ओमप्रकाश बाबूलाल इटारे निवासी परिहार कालोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोपित तरुण देवड़ा निवासी गोंदवले धाम कालोनी है। बिजली कंपनी के ठेकेदार ओमप्रकाश से तरुण की तीन दिन पूर्व आफिस में मुलाकात हुई थी। बिजली का पंचनामा बनाने के संबंध में चर्चा हुई थी।
20 हजार रुपये दिए तो छोड़ा
आरोप है कि गुरुवार को तरुण परिहार कालोनी आया और ओमप्रकाश को पंचनामा बनाने के लिए साथ ले गया। आरोपित ने घर में ही बंधक बनाया और पाइप से पीट पीटकर घायल कर दिया। आरोपित ने काफी देर तक पिटाई करने के बाद ओमप्रकाश के बेटे से 20 हजार रुपये मंगवाए और रिहा किया। मामले में रात में तरुण के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई।
