- राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में तेजपुर गड़बड़ी पर हादसा, बिजली के खंभे से 20 फीट दूर मिली बाइक।
इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में इवेंट मैनेजर की सड़क हादसे में मौत हो गई। स्पोर्ट्स बाइक से घर आ रहे मैनेजर बिजली के खंभे से टकरा गए। सिर में चोट लगने के कारण मौत हो गई। बाइक की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि खंभे से टक्कर के बाद करीब 20 फीट दूर फिंका गई।
एसआइ मनोहर पाल के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 12 बजे की है। गोपुर कालोनी निवासी 24 वर्षीय उदित पुत्र पिलेंद्र जैन केट रोड़ की तरफ से घर जा रहे थे। तेजपुर गड़बड़ी (बसंतपुरी कालोनी के पास) अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से जा टकराई। उदित भी सीधे खंभे से टकराए। सिर में चोट लगी और मौके पर गिर गए। दोस्त देव की मदद से उदित को एमवाय अस्पताल ले गए, लेकिन डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पार्टी से बातचीत करने गए थे
एसआइ के मुताबिक, उदित ने हाल में इवेंट संबंधित व्यवसाय शुरू किया था। रात को वे इवेंट के संबंध में पार्टी से चर्चा करने गए थे। उनके पास स्पोर्ट्स बाइक थी। बाइक की रफ्तार ज्यादा होने से संभाल नहीं सके और सड़क से नीचे हो गई। उदित का भाई उत्कल भी इवेंट का काम करने लगा था।
