इंदौर के हीरा नगर में बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप को अपना निशाना बनाया है। बदमाश यहां से शोकेस में रखे आभूषण और नकदी चुराकर ले गए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। हीरा नगर पुलिस के मुताबिक अमरीशचन्द्र पुत्र दीनानाथ वर्मा निवासी 177 नार्थ एवेन्यू ने बताया कि उनकी मानसी ज्वेलर्स के नाम से अभिनंदन नगर में शॉप है। 28 सितंबर की रात में वह दुकान पर ताला लगाकर गए थे। सोमवार की सुबह मकान मालिक ने फोन पर बताया कि दुकान का ताला टूटा हुआ है।
मौके पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर जाकर देखा तो शोकेस में रखे सोने और चांदी के आभूषण गायब थे। वही आलमारी में रखे करीब 19 हजार रूपए भी नही मिले। इस मामले में स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मौके पर मंगलवार को जाकर सीसीटीवी फुटेज निकाले है। जिसमें 5 चोर वहां वारदात के लिये आते जाते दिखाई दिए है। पुलिस के मुताबिक चोर हुलिए से राजस्थान की गैंग लग रही है। अब इसी आधार पर शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे है।
