इंदौर में कोचिंग संस्थानों और अमानक भवनों पर कड़ी कार्रवाई

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

-दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान में बेसमेंट में पानी भर जाने से छात्रों की मौत की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद इंदौर में भी कोचिंग संस्थानों और अमानक भवनों पर कड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। इंदौर के कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर अब तक करीब 30 से अधिक कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

इंदौर में लगातार कोचिंग संस्थानों पर चल रही कार्रवाई में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी कोचिंग संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा उपाय मौजूद हों। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जारी रहेगी जब तक सभी संस्थान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करते।
कोचिंग संस्थानों के अलावा अब व्यापारिक क्षेत्रों के अमानक भवनों पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजार जैसे दवा बाजार, जेल रोड, जवाहर मार्ग, राजवाड़ा क्षेत्र और विजय नगर में भी अमानक तरीके से बने भवनों की जांच की जा रही है। इनमें पानी की निकासी की उचित व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपक्रम आदि की अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि इंदौर में कोई भी भवन, चाहे वह कोचिंग संस्थान हो या व्यापारिक प्रतिष्ठान, सुरक्षा मानकों का पालन करे। हमारी प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है और इस दिशा में हम कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

इस अभियान के अंतर्गत सभी अमानक भवनों की जांच की जाएगी और मानकों का पालन न करने वाले भवन मालिकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान अनवरत जारी रहेगा।

Exit mobile version