इंदौर में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश यादव ने प्रदेश सरकार पर बड़ा आरोप लगाया और मध्यप्रदेश भवन विकास निगम पर प्रदेश में बनने वाले दस मेडिकल कॉलेज में सप्लाई होने वाले सरिए को अमानक क्वालिटी को लेकर 300 करोड़ का घोटाला करने का आरोप लगाया। यादव का आरोप लगाया कि गुजरात की ही एक कंपनी को सभी मेडिकल कॉलेज के ठेके दिए गए हैं जो अमानक स्तर का सरिया उपयोग कर रही है।
प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुजरात की एक कंपनी को प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग्स बनाने का ठेका दिया गया है जो अमानक स्तर का सरिया इस्तेमाल कर रही है जबकि देश भर में सिर्फ पांच ही कंपनियां प्रायमरी सरिया बनाती है जिनसे सरिया खरीदना चाहिए था लेकिन गुजरात की कंपनी ने स्क्रैप के लोहे से बनने वाला सरिया देवास इंडेट्रियल एरिया में बनवाकर सभी मेडिकल कॉलेज में इस्तेमाल कर रही है। यह सरिया मात्र 12 से 15 साल की उम्र का होता है। जिसके चलते सभी मेडिकल कॉलेज के भवनों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। इन मेडिकल कॉलेज में हजारों मरीज और मेडिकल स्टाफ काम करता है जिनकी जान माल की सुरक्षा की जवाबदारी कौन लेगा? यादव ने कहा कि प्रदेश की मोहन यादव सरकार में इतनी क्षमता नहीं है कि वह गुजरात की कंपनी का टेंडर समाप्त कर सके।
