पिछले कुछ समय से इंदौर में आफ्टर पार्टी का चलन बढ़ा है। शहर के कुछ ऐसे क्लब्स हैं जो आबकारी विभाग द्वारा तय किए गए समय के बाद भी संचालित किए जाते हैं। इन क्लब में पार्टी करने के बाद आफ्टर पार्टी करने बड़ी संख्या में युवक युवतिया पहुंचते है। ऐसे ही एक क्लब पर बीती रात विजयनगर एसीपी के नेतृत्व में दो थाना क्षेत्र की पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। यह कार्रवाई कनाडिया थानाा क्षेत्र के बायपास स्थित मिस्टर स्कल क्लब में की गई। यहा कार्रवाई करने पहुंची पुलिस ने सबसे पहले परिसर में घुसने वाले मेन गेट को बंद कर दिया, ताकि कोई भी व्यक्ति यहां से भाग ना सके। इसके बाद पुलिस ने क्लब पर कार्रवाई की, जहां 60 से 70 युवक युवतियां नशे में धुत होकर पार्टी करते नजर आए। पुलिस को क्लब में घुसता देख पार्टी कर रहे युवक युवतियों में अफरा तफरी मच गई। पुलिस आने की भनक लगने पर क्लब संचालक पीछे की सीढ़िया से उतरकर दीवार फांदकर भाग गया। मौके पर मिले क्लब के कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं अब पुलिस यह पता करने में जुटी है कि यह क्लब किसका है, उसके विरुद्ध भी विधि संवत कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। क्लब में मौजूद युवक युवतियों को एक जगह पर एकत्रित कर सबको उनके वाहन तक जाने दिया गया, उसके बाद ही सबको एक साथ रवाना किया गया। इस दौरान वाहनों की तलाशी भी ली गई। पुलिस को वहां एक गन मैन भी मिला जिसके वेपन लाइसेंस की जांच भी की गई। बताया जा रहा है कि वीकेंड्स के समय यह क्लब देर रात 4 बजे तक संचालित किया जा रहा था।
