इंदौर पुलिस ने बनाया नया सुरक्षा प्लान:हर वीकेंड 1 हजार जवान सड़कों पर उतरेंगे, जांच के नए चेकिंग पॉइंट भी

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर में वीकेंड पर होने वाले अपराधों और घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने नया सुरक्षा प्लान तैयार किया है। अब हर वीकेंड एक हजार पुलिस जवान सड़कों पर उतरकर चेकिंग करेंगे। डायल 100 के फिक्स पॉइंट बदलकर ऐसे स्थानों पर तैनात करेंगे, जहां अपराध ज्यादा होते हैं। शराब पीकर वाहन चलाया तो पुलिस तत्काल जब्त करेगी। हर वीकेंड कॉम्बिंग गश्त के साथ थाना प्रभारी भी फील्ड में उतरेंगे। बड़े चौराहों व मार्गों से जुड़ने वाली कॉलोनियों में भी आकस्मिक चेकिंग होगी। नशाखोरी करने वालों के खिलाफ लगातार मॉनिटरिंग होगी। हर डीसीपी जोन में नशा बेचने और नशा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के लिए यह इंतजाम… चारों जोन में डीसीपी खुद फील्ड में तैनात होंगे
चारों जोन में डीसीपी खुद फील्ड में तैनात होंगे। हर थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में नए रूट पर आकस्मिक चेकिंग करेंगे। – 150 ऐसे स्थान चिह्नित किए हैं, जहां नशेड़ियों का अड्‌डा है। ऐसे स्थानों पर पुलिस पेट्रोलिंग होगी।
नशाखोर बदमाशों पर कार्रवाई के आधार पर टीआई की रेटिंग तय होगी। ड्रिंक एंड ड्राइव के केस जो ज्यादा बनाएंगे, उन्हें इनाम दिया जाएगा।
हर थाने पर ब्रीथ एनालाइजर और बॉडी वॉर्न कैमरे उपलब्ध करवाएंगे।
सार्वजनिक चौपाटियों पर थाना प्रभारी, बीट प्रभारी और डायल 100 के जवानों के नंबर वाले बोर्ड और पोस्टर चस्पा होंगे।
पार्किंग के लिए नगर निगम के अधिकारियों के साथ व्यवस्था करवाई जाएगी।
पुलिस युवाओं के परिजन को भी जागरूक करेगी कि वे भी बच्चों पर नियंत्रण रखें।
बदमाशों का रूट मैप बनाया
शहर में पुलिस के फिक्स चेकिंग पॉइंट बदलेंगे। नए चेकिंग पॉइंट तैयार किए जाएंगे। पुलिस को चकमा देकर भागने वाले नशाखोरों के रूट्स को चिह्नित कर इन पर चेकिंग व्यवस्था लगाएंगे। बदमाशों का गलियों से भी बचकर भागना मुश्किल होगा।

  • अमित सिंह, एडिशनल कमिश्नर, कानून व्यवस्था
    आबकारी की टीमें भी रहेंगी फील्ड पर, वीकेंड पर सख्ती
    वीकेंड पर विशेष जांच टीम घूमेगी। सभी बार-पब रात 12 बजे बंद करने के आदेश जारी हैं। कैमरों के माध्यम से उनकी फीडिंग भी मिल रही है। वीकेंड पर और सख्ती बढ़ाएंगे।
  • मनीष खरे, सहायक आबकारी आयुक्त
Exit mobile version