- पीड़ित महिला कर्मचारी ने नगर निगम आयुक्त हर्षिका सिंह को शिकायत की है।
- प्रभारी सहायक आयुक्त के कैबिन में फाइल पर हस्ताक्षर करवाने गई थी पीड़िता।
- इस दौरान प्रभारी सहायक आयुक्त गोविंद कौशल ने महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ की।
- चार सदस्यीय समिति 24 घंटे में मामले में जांच कर अपनी रिपोर्ट निगमायुक्त को सौंपेगी।
नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की स्थापना शाखा में पदस्थ एक महिला कर्मचारी ने निगम के ही एक प्रभारी सहायक आयुक्त गोविंद कौशल पर छेड़छाड का आरोप लगाया है। महिला ने इसकी शिकायत निगमायुक्त हर्षिका सिंह से भी की है। शिकायत में महिला कर्मचारी ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग स्थापना का प्रभारी होने की वजह से वह कौशल के कैबिन में किसी फाइल पर हस्ताक्षर करवाने गई थीं। इसी दौरान सहायक आयुक्त ने उसके साथ छेड़छाड़ की। शिकायत मिलने के बाद निगमायुक्त ने महिलाओं की शिकायतों को सुनने के लिए महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की चार सदस्यीय विशाखा कमेटी गठित करते हुए इस शिकायत को इस समिति को सौंप दिया। समिति 24 घंटे में मामले में जांच कर अपनी रिपोर्ट निगमायुक्त को सौंप देगी।
रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
निगमायुक्त ने कहा कि वे समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेंगी। जरूरत पड़ने पर मामले में पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी। गौरतलब है कि पूर्व में नगर निगम में गठित विशाखा समिति की प्रभारी उपायुक्त लता अग्रवाल थीं, लेकिन उनके इंदौर से तबादले के बाद इस समिति का पुनर्गठन नहीं हुआ था।
कर्मचारी संगठनों ने सौंपा ज्ञापन, कठोर कार्रवाई की मांग
इधर मामले में कर्मचारी संगठन भी मैदान में उतर गए हैं। शुक्रवार को सफाई कामगार यूनियनों और कर्मचारी संगठनों ने सहायक अपर आयुक्त पर कार्रवाई की मांग करते हुए निगमायुक्त को ज्ञापन सौपा और निगम परिसर में प्रदर्शन किया।
