अपना धर्म रक्षा समिति ने इंदौर के राजबाड़ा स्थित देवी अहिल्या प्रतिमा पर बड़ी संख्या में पीड़ित रहवासियों के साथ मिलकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के उस आदेश के खिलाफ था, जिसमें कान्हा नदी के 100 मीटर के दायरे में आने वाले घरों को तोड़ने का निर्देश दिया गया है।
इंदौर के राज़बाडा पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में पीड़ित रहवासी एकत्रित हुए दरअसल नगर निगम ने रहवासियों को नोटिस बांटने शुरू कर दिए हैं, जिससे प्रभावित परिवारों में भारी आक्रोश और चिंता है। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और एनजीटी के इस निर्णय को अमानवीय और अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। अपना धर्म रक्षा समिति के नेता ने कहा कि इस आदेश से सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे और उनका जीवन संकट में पड़ जाएगा। प्रदर्शन के दौरान समिति ने जोर देकर कहा कि प्रशासन को पहले वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए और तभी कोई कदम उठाना चाहिए।रहवासियों ने अपने घरों को बचाने के लिए अपनी मजबूरी और दुख साझा किया और प्रशासन से अपील की कि उन्हें इस संकट से उबारा जाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने अपने घरों की रक्षा के लिए एकजुटता दिखाई।
