घी-मावा व खाद्य पदार्थों की नियमित होगी जांच, 3 टीमें बनाईं

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

त्योहारों में आमजन को शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण घी-मावा व खाद्य पदार्थ मिलें, इसके लिए प्रशासन नियमित जांच व सैंपलिंग करेगा। अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग के अफसरों की तीन जांच टीमें बनाई हैं। कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर त्योहारों पर ये टीमें नियमित जांच करेंगी। सोमवार को अपर कलेक्टर गौरव बैनल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। ये टीमें नगर निगम के साथ मिलकर कार्रवाई करेंगी। अपर कलेक्टर बैनल के अनुसार ये अधिकारी दूध व दूध से बने खाद्य पदार्थ, मावा, घी, मिठाई, मसाले, नमकीन, तेल, कन्फेक्शनरी की जांच करेंगे। निर्माण, विक्रय व परिवहन स्थलों का भी निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान किसी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार या नायब तहसीलदार को बुलाया जा सकता है।
नापतौल संबंधी शिकायत है तो यहां करें फोन: जिले में नापतौल से संबंधी उपभोक्ताओं की शिकायत के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। खाद्य नियंत्रक एमएल मारू ने बताया कि नाप-तौल में कोई शिकायत होने पर सीएम हेल्पलाइन 181 या नापतौल विभाग के नंबर 0731-2544424, 88711-66164 व 94256-36180 या टोल फ्री नंबर 91113-22204 पर फोन या वाट्सएप करके तत्काल शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Exit mobile version