‘मेरे यहां कोई छापा नहीं पड़ा’, ED के छापा मारने की खबर पर बोले मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

 मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सबसे खास, करीबी अफसर और पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस के घर में जांच एजेंसी द्वारा छापे की खबर आ रही थी। जिसको लेकर इकबाल सिंह बैस ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि मेरे घर पर कोई छापा नहीं पड़ा है।

दरअसल, सोशल मीडिया और कई मीडिया रिपोर्ट में इस बात का दावा किया जा रहा था कि इकबाल सिंह बैस के रातीबड़ स्थित बंगले पर जांच एजेंसी ने गहन जांच पड़ताल की है। यह भी दावा किया जा रहा था कि कुछ वित्तीय लेन देन और गड़बड़ी के इनपुट मिलने के बाद उन पर यह कार्रवाई की गई है। अब इकबाल सिंह ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि मेरे यहां कोई छापा नहीं पड़ा, सब अफवाह है।

बता दें कि मध्य प्रदेश में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सबसे पसंदीदा अधिकारियों में इकबाल सिंह बैस टॉप पर थे। यही कारण रहा कि वे हमेशा मध्य प्रदेश सरकार में प्रमुख पदों पर रहे। इकबाल सिंह बैंस 1985 बैच के आईएएस अफसर थे। मध्य प्रदेश में करीब 17 साल जब तक शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री रहे, तब तक इकबाल सिंह बैस का इकबाल भी काफी बुलंद रहा। उनका अधिकतर समय सीएम हाउस में ही बीता। पहले वे मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रहे। 24 मार्च 2020 को इकबाल सिंह बैस मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव बनाए गए थे। उसके बाद लगातार उन्हें दो बार छह महीने का एक्सटेंशन दिया गया।

Exit mobile version