झाबुआ में 168 करोड़ की ड्रग्स बरामद:मेघनगर की फैक्ट्री से एमडी ड्रग्स जब्त, डायरेक्टर सहित 4 गिरफ्तार

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

भोपाल के बाद अब झाबुआ जिले के मेघनगर की एक फैक्ट्री से 168 करोड़ रुपए की मेफेड्रोन (एमडी ड्रग्स) जब्त की गई है। शनिवार को डायरेक्टोरेट रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री पर दबिश दी। इसमें 36 किलो ड्रग पाउडर रूप में और 76 किलो लिक्विड रूप में यानी कुल 112 किलो जब्त की गई। फैक्ट्री के डायरेक्टर सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, टीम मेघनगर फौजी के नाम की कंपनी में पहुंची थी। फैक्ट्री मालिक गुजरात का बताया जा रहा है। उसका नाम विजय है। डीआरआई ने अपने स्तर पर स्वतंत्र रूप से ये कार्रवाई की है। टीम ने यहां से टेस्टिंग के लिए कुछ सैंपल भी लिए हैं। ड्रग्स के अलावा डीआरआई की टीम ने कुछ कच्चा माल और मशीनें भी जब्त की हैं।
फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। बता दें कि 6 अक्टूबर को गुजरात एटीएस और नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने भोपाल के बगरोदा स्थित एक बंद फैक्ट्री में छापेमारी की थी। यहां से 1814 करोड़ की एमडी तैयार करने वाला सामान जब्त किया था। इसके बाद एक गोदाम से भी 350 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी।

TAGGED:
Exit mobile version