अफवाहें फैलने में देर नहीं लगती… पिछले वर्ष-2023 के इंदौर के एक प्रकरण का हवाला देते हुए आमजन को सोशल मीडिया के जरिए एक पोस्ट कर डराया जा रहा है कि आम भी जहरीले होते हैं और इंदौर में एक महिला की ” कार्बाइट से पके आम खाने के बाद मौत” हो गई… अब इस वायरल पोस्ट का खंडन करते हुए एसीपी रुबीना मिजवानी ने मीडिया को बताया कि बिजलपुर की अर्चना अलेरिया की डेढ़ वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी… 8 जुलाई 2023 को ससुराल में अचानक तबीयत बिगड़ी तो उसे अस्पताल लाया गया… यह ससुराल पक्ष ने बताया कि अर्चना ने खाना खाने के तुरंत बाद दो आम खा लिए थे, जिसके बाद उसका तेज सिरदर्द होने लगा… पड़ोस के डॉक्टर को दिखाने के बाद परिजनों उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी… तब से यह अफवाह फैल गई आम खाने से उक्त महिला की मौत हुई… पूर्व में भी पीएम रिपोर्ट में सस्पेक्टेड पॉइजन की बात सामने आई थी, जिसे परिजन मानने को तैयार नहीं थे… दावा यह भी किया गया था कि आम धोकर ही खाए गए थे… वहीं चूंकि अर्चना के घर में खेती का कार्य चलता है, जिसके चलते अब सामने आई सागर से करवाई विसरा जांच के बाद यह शक प्रबल हो चला है कि घर में कहीं कीटनाशक रखा होगा, जिसे अर्चना ने खा लिया और उसकी मौत हुई… मामले में ससुराल और मायके पक्ष के बयान भी लिए जा चुके हैं..!
