पत्नी से अवैध संबंध का था शक, अधेड़ की मूसल से सिर पर वार कर हत्या

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला में शक के चलते मंगवार रात एक अधेड़ व्यक्ति की सिर पर मूसल से कई वार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव मांझा-मानपुर, बस्ती यूपी निवासी राम बुझारत के रूप में हुई है।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतक के ही गांव के रहने वाले आरोपित रामजन्म उर्फ खेडू को गिरफ्तार कर लिया है। खेडू को शक था कि रामबुझार के उसके पत्नी के साथ अवैध संबंध है। इसके चलते अपने साथियों के साथ मिलकर खेडू ने मूसल से सिर पर कई वार कर राम बुझारत की हत्या कर दी।

आरोपित रामजन्म से पूछताछ कर मामले के अन्य आरोपितों की जानकारी जुटाई जा रही है और तलाश की जा रही है। सराय रोहिल्ला थाना मामला दर्ज कर घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पड़ताल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक राम बुझारत बलजीत नगर इलाके में अकेला रहता था और वेल्डिंग का काम करता था। जबकि उसका परिवार बस्ती, यूपी स्थित उसके गांव में रहता है। राम बुझारत के गांव का ही रहने वाला रामजन्म उर्फ खेडू परिवार के साथ न्यू रोहतक रोड, आनंद पर्वत इलाके में रहता है।

- Advertisement -

एक ही गांव से होने के चलते दोनो की पुरानी जान-पहचान थी और दोनो का एक दूसरे के यहां आना-जाना था। इस दौरान खेडू को शक हो गया था कि राम बुझारत के उसकी पत्नी के साथ अवैध सम्बंध है। इसी शक के चलते आरोपित खेडू ने अपने दोस्तों और राम बुझारत को मंगलवार शाम अपने घर पर बुलाया। वहां सभी ने एक साथ बैठकर शराब पी।

बाद में रामजन्म ने रामबुझारत की लोहे के मूसल से सिर पर कई वारकर हत्या कर दी। हत्या कर आरोपित मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू की। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपित को देर रात ही दबोच लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

Exit mobile version