नोएडा के सेक्टर 128 स्थित जेपी विशटाउन सोसाइटी में रविवार को एक युवती ने 29वीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि मृतका एक पूर्व आईएएस अधिकारी की बेटी थी। मामले की सूचना पर सेक्टर 126 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
29वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या
जानकारी के अनुसार, नोएडा के सेक्टर 128 स्थित जेपी विशटाउन सोसाइटी में 24 वर्षीय रिधा मुस्तफा अपने परिवार के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि उनके पिता यूपी कैडेट के पूर्व आईएएस अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा हैं। रविवार को रिधा ने सोसाइटी की 29वीं मंजिल स्थित फ्लैट से कूद कर आत्महत्या कर ली। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सोसाइटी के गार्डो ने तुरंत इस घटना की सूचना सेक्टर-126 थाना पुलिस को दी।
जांच करने में जुटी पुलिस
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका एक पूर्व आईएएस अधिकारी की पुत्री बताई जा रही है। उनके पिता मोहम्मद मुस्तफा ने इसी साल स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लिया था। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच के लिए पुलिस टीम सोसायटी और टावर के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देख रही है।
