दिल्ली मेट्रो में केजरीवाल पर धमकी भरे मैसेज लिखने वाला युवक गिरफ्तार, नामी बैंक का है कर्मचारी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों और ट्रेन के अंदर अरविंद केजरीवाल को लेकर जान से मारने की धमकी वाले मैसेज लिखने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. धमकी भरे मैसेज लिखते हुए आरोपी का सीसीटीवी फुटेज आजतक के पास मौजूद है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी का नाम अंकित गोयल (32) है और बरेली का रहने वाला है. वह बरेली से ग्रेटर नोएडा मकान की रजिस्ट्री करवाने आया था.

अंकित यहां फाइव स्टार होटल में रुका था और दिल्ली मेट्रो में सफर के दौरान उसने केजरीवाल के नाम धमकी भेरे मैसेज लिखे थे. वह बेहद पढ़ा-लिखा है और एक नामी बैंक में काम करता है. वह किसी पॉलिटिकल पार्टी से नहीं जुड़ा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक ऐसा लगता है कि आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है, हालांकि मेडिकल के बाद ही इस बात की पुष्टि हो सकती है. 

बता दें कि 19 मई को पटेल नगर और राजीव चौक मेट्रो स्टेशनों और एक ट्रेन कोच में केजरीवाल को लेकर अंग्रेजी में धमकी वाले संदेश लिखे गए थे. आम आदमी पार्टी ने इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके BJP और PMO पर केजरीवाल की हत्या कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया था. दिल्ली पुलिस की मेट्रो यूनिट ने इस मामले में FIR दर्ज कर मामले की जांच कर रही थी. धमकी भरे संदेश लिखने वाले आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की गई.

पुलिस ने पटेल नगर, रमेश नगर और राजीव चौक मेट्रो स्टेशनों से सीसीटीवी फुटेज हासिल किए और जांच की तो शख्स की पहचान हुई. इसके अलावा मेट्रो ट्रेनों के अंदर और स्टेशनों पर केजरीवाल को निशाना बनाते हुए लिखे गए कई संदेशों की तस्वीरें इंस्टाग्राम हैंडल @ankit.goel_91 पर साझा की गई थीं. मेट्रो कोच के अंदर एक धमकी भरे संदेश में लिखा था, ‘केजरीवाल कृप्या दिल्ली छोड़ दीजिए वरना आपको वे तीन थप्पड़ याद आएंगे, जो आपने चुनाव से पहले खुद को मरवाए थे. अबकी बार वास्तविक थप्पड़ जल्द पड़ेगा. आज की बैठक झंडेवालान में.’

- Advertisement -
Exit mobile version