इंदौर में दिव्यांगता के प्रमाण पत्र के लिए इन अस्पतालों में लगेगा मेडिकल बोर्ड

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत दिव्यांगो के लिए विभिन्न विभागों द्वारा विशेष भर्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न पदों पर आवेदन लेने की कार्रवाई की जा रही है। कई दिव्यांगों के या तो प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए हैं या उनकी यूआईडी ही नहीं बनी है। गांव के दूर-दूर क्षेत्र और जिले के अलग-अलग वार्डों से कलेक्टर कार्यालय आने को मजबूर दिव्यांगों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए शहर के तीन स्थान पर अलग-अलग दिन मेडिकल बोर्ड लगाए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए हुकुमचंद पॉली क्लिनिक लाल अस्पताल और डीडीआरसी में मेडिकल बोर्ड आयोजित किए जाएंगे।

इन अस्पतालों में इस दिन बनेंगे प्रमाण पत्र
हर सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को हुकुमचंद पॉली क्लिनिक लाल अस्पताल में तथा प्रति गुरूवार को डीडीआरसी समाज कल्याण परिसर में मेडिकल बोर्ड आयोजित किए जाएंगे। हर शनिवार को बौद्धिक दिव्यांगजनों के लिए हुकुमचंद पॉली क्लीनिक लाल अस्पताल में मेडिकल बोर्ड आयोजित किया जायेगा। मेडिकल बोर्ड के समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों के अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सक भी उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर आशीष सिंह ने सिविल सर्जन को आदेशित किया है वे निर्धारित दिवस पर दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तैयार करने के लिए अपेक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में कठिनाई न हो

Exit mobile version