आनलाइन रमी गेम में रुपये हारा तो मां के आभूषण बेच आया बेटा, केस दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


मां की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस, सोना खरीदने वाले सुनारों की तलाश।
इंदौर। जूनी इंदौर थाने की पुलिस ने शनिवार रात महिला की शिकायत पर उसके बेटे के विरुद्ध चोरी की एफआइआर लिखी। वह आनलाइन रमी गेम का शौकीन है। गेम में रुपये हारने पर मां के आभूषण चुराकर सराफा में बेच डाले। रुपये भी ग्रुप के सदस्यों में बांट दिए। पुलिस सोना खरीदने वाले सुनारों की जानकारी जुटा रही है।टीआइ शैलेंद्रसिंह जादौन के मुताबिक, जीवनदीप कालोनी निवासी पूनम दुलानी ने बेटे आयुष के विरुद्ध रिपोर्ट लिखवाई है। पूनम 28 फरवरी को बड़े बेटे कमल की दुकान पर गई थी। घर पर पति बच्चाराम भी नहीं थे। शाम को लौटी तो अलमारी के लॉकर में रखे सोने के आभूषण (चेन, चूड़ियां, अंगूठियां, टाप्स) और 75 हजार रुपये नहीं थे। परिवार के सभी सदस्य एकत्र हुए और आयुष से पूछताछ की लेकिन वह मुकर गया।
गेम के कारण हो गया था कर्ज
शक होने पर परिवार के लोगों ने सख्ती दिखाई तो आयुष टूट गया और कहा कि उसने ही चोरी की है। वह आनलाइन रमी गेम खेलता है। उस पर कर्ज हो गया था। आभूषण बेच कर रमी खेलने वाले ग्रुप के सदस्यों में रुपये बांट दिए हैं। टीआइ के मुताबिक, जुआ खेलने वाले युवकों और सोना खरीदने वाले सुनारों की जानकारी ली जा रही है।

Exit mobile version