इंदौर के द्वारकापुरी में नशा करने वाले दो भाई ने एक एव्हरफ्रेश दुकान संचालक पर हमला कर दिया, उसका डंडे से सिर फोड़ दिया। बताया जाता है कि आकाश ने अपनी दुकान के पीछे नशा करने को लेकर दोपहर में पुलिस से शिकायत की थी। इसी रंजिश के चलते रात में उस पर हमला किया गया। इधर आरोपी पक्ष की ओर से संचालक पर भी केस दर्ज कराया गया।
द्वारकापुरी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आकाश सिंह चौहान की शिकायत पर निशांत चतुर्वेदी, सुशांत पर केस दर्ज किया गया है। आकाश ने बताया कि वह आस्था पैलेस के यहां पर एव्हरफ्रेश का संचालन करता है। रात में 11 बजे दोनों आरोपी दुकान पर आए और नशा करने के लिये सिगरेट मांगी। इस पर उसने देने से इनकार किया तो आरोपियों ने पहले हाथ से मारपीट की। इसके बाद सुशांत ने लकड़ी से सिर में मार दिया, जिसमें आकाश का सिर फट गया। उसे तुंरत अस्पताल ले जाया गया। यहां मेडिकल के बाद पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
आकाश ने बताया कि उसकी दुकान के पीछे खाली प्लाट है। यहां पर दिन और रात में बदमाश नशा करते है। दोपहर में उसने थाने पर कॉल कर नशा करने को लेकर शिकायत की थी। इसी बात से रंजिश रखते हुए आरोपियों ने रात में आकर हमला किया।
दुकानदार पर ही केस
पुलिस ने निशांत चतुर्वेदी की शिकायत पर आकाश पर भी मारपीट का केस दर्ज कर लिया। निशांत ने बताया कि वह सिगरेट लेने गया था। यहां पर उधारी नही देने की बात पर आकाश ने उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
