तो इस वजह से ठंड और कोहरे की मार झेल रहे दिल्ली-NCR वाले, जानिए अगले चार दिन का मौसम

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

कड़ाके की ठंड के बीच लगातार पांचवें दिन भी दिल्ली में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से नीचे रहा। कई हिस्सों में घना कोहरा भी छाया रहा। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक घने कोहरे के साथ भीषण की चेतावनी जारी की है। 17 और 18 जनवरी को घने कोहरे से साथ ठिठुरा देने वाली ठंड का ऑरेंज अलर्ट जबकि 19 एवं 20 जनवरी को यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले यानी सोमवार को यह 3.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 54 प्रतिशत तक रहा।

यह इलाका रहा सबसे ठंडा

जाफरपुर की सुबह सबसे ज्यादा ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि, मुंगेशपुर व मयूर विहार का दिन सबसे ज्यादा ठंडा रहा। इन दोनों जगह का अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस वजह से ठंड, कोहरे की पड़ रही मार

मौसम विज्ञानियों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभों की कमी के चलते दिल्ली पर सामान्य से ज्यादा ठंड, कोहरे और प्रदूषण की मार पड़ रही है। सामान्यत: दिसंबर और जनवरी के महीने में पश्चिमी विक्षोभों के चलते बूंदाबांदी होती है। इससे तापमान ज्यादा नहीं गिर पाता। लेकिन इस बार दिसंबर और जनवरी में पश्चिमी विक्षोभ सामान्य से पांच कम आए हैं। जो पश्चिमी विक्षोभ आए हैं, उनकी तीव्रता भी काफी कमजोर रही है। वर्षा सौ प्रतिशत कम हुई है।

- Advertisement -

क्या है मौसम को लेकर पूर्वानुमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक भीषण ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीत लहर चलेगी। बुधवार को सुबह घना कोहरा होगा। दिन में आसमान साफ रहेगा। कुछ जगहों पर शीतलहर वाली स्थिति बनी रह सकती है। न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान क्रमश: चार और 17 डिग्री बना रह सकता है।

Exit mobile version