
इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड केस में आरोपी पत्नी निकिता सिंघानिया और ससुराल के तीन अन्य सदस्यों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम ज़मानत की अर्जी दाखिल की है. गिरफ्तारी से बचने के लिए निकिता सिंघानिया, निशा सिंघानिया, अनुराग सिंघानिया और सुशील सिंघानिया ने अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है. हाईकोर्ट में इस मामले पर सोमवार के बाद सुनवाई कर सकता है.वहीं कर्नाटक पुलिस ने शुक्रवार को मृतक अतुल सुभाष की पत्नी निकिता के भाई अनुराग सिंघानिया और मां निशा सिंघानिया को जांच अधिकारी के सामने पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है. नोटिस जारी करने के तीन दिन के भीतर दोनों को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है.
इससे पहले अतुल के भाई की शिकायत के आधार पर कर्नाटक पुलिस निकिता की मां, भाई और अंकल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है.
बेंगलुरु पुलिस इस मामले की जांच के लिए उत्तर प्रदेश के जौनपुर पहुंच चुकी थी. जौनपुर के खोया मंडी में अतुल का ससुराल है. जहां उनकी पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा सिंघानिया और साला रहते हैं. लेकिन, पुलिस के पहुंचने पर घर पर ताला लगा हुआ मिला. बताया जा रहा है कि पुलिस के आने की जानकारी मिलने के बाद यह सभी लोग फरार हो गए थे.
