PM किशिदा के हमलावर के पास चाकू भी था:उसके बैग में 2 स्मोक बम मिले, पुलिस को शक- ये घर पर बनाए

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read
ये उसी स्मोक बम की तस्वीर है, जिससे 15 अप्रैल को प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर हमला किया गया था।

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर 24 साल के शख्स ने हमला किया था। पुलिस ने बताया कि रियूजी किमुरा ने 15 अप्रैल को एक रैली के दौरान PM किशिदा पर स्मोक बम फेंका था। अब उन्हें शक है कि उसने ये बम घर पर ही बनाया था। पुलिस ने फौरन हमलावर को पकड़ लिया था। उसके बैग से एक चाकू भी बरामद किया गया था।

जापान टाइम्स के मुताबिक, 16 अप्रैल को हमलावर के घर की तलाशी ली गई। 8 घंटे चली तलाशी में पुलिस को वायर्स, पाइप्स और बारूद बरामद हुआ। घर में 20-30 सेंटीमीटर के ऐसे पाइप्स भी थे जिनके दोनों तरफ से इलेक्ट्रिक वायर निकले थे। इसी तरह की डिवाइस में बारूद भर दिया जाता है, जिसके फटते ही धमाके जैसी तेज आवाज आती है और सफेद रंग का धुआं निकलता है। इन डिवाइस को ही स्मोक बम कहा जाता है।

पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि बम को ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने के लिए बनाया गया था या नहीं।

ये हमलावर रियूजी किमुरा के घर के बाहर की तस्वीर है। इसमें पुलिस ऑफिसर्स को तलाशी के दौरान मिले सामान को कार्डबोर्ड बॉक्स में ले जाते हुए देखा जा सकता है।

PM किशिदा निचले सदन के उपचुनाव के लिए कैंपेन कर रहे थे
जापान टाइम्स के मुताबिक किशिदा वाकायामा शहर में एक इलेक्शन रैली में भाषण देने पहुंचे थे। स्थानीय समयानुसार धमाका 15 अप्रैल सुबह 11:30 बजे हुआ। इसके बाद करीब 1 बजे प्रधानमंत्री किशिदा ने वाकायामा शहर में अपनी स्पीच पूरी की। उन्होंने कहा- हम इलेक्शन कैंपन के बीच मौजूद हैं। हमें इसे जारी रखना चाहिए।

- Advertisement -
15 अप्रैल को सामने आई इस तस्वीर में PM किशिदा और उन पर फेंके गए स्मोक बम को देखा जा सकता है।

हमले की वजह सामने नहीं आई
पुलिस ने कहा- हमलावर रियूजी किमुरा से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल उसने हमला करने की वजह नहीं बताई है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, रियूजी किमुरा को काम में बाधा डालने के शक के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जापान में इस तरह के जुर्म में तीन साल तक की जेल और 3 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

ये धमाके के बाद की तस्वीर है। इसमें देखा जा सकता है कि सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध को जमीन पर गिराकर पकड़ा था।

2022 में रैली के दौरान ही शिंजो आबे पर हैंडमेड गन से हमला हुआ था
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की 8 जुलाई 2022 को रैली में गोली मारकर हत्या की गई थी। वे आबे नारा शहर में इलेक्शन कैंपेन के दौरान स्पीच दे रहे थे। उसी दौरान 42 साल के हमलावर ने पीछे से फायरिंग की थी।

उन पर कैमरे जैसी दिखने वाली हैंडमेड गन से हमला किया गया था। फायरिंग के बाद आई फोटो से इसका खुलासा हुआ था। हमलावर ने गन को इस तरह डिजाइन किया था कि वह कैमरे जैसी दिखे। इसके लिए उसने गन पर काली पॉलीथिन को लपेटा था। हमलावर फोटो खींचने के बहाने आबे के करीब आया था। फिर उसने दो गोलियां चलाई थीं।

पूर्व PM शिजों आबे पर हुए हमले की तस्वीरें देखें…

ये उस गन की फोटो है जिससे हमलावर ने आबे को गोलियां मारी थीं।
पूछताछ के दौरान हमलावर ने कहा था कि वो शिंजो आबे की नीतियों से नाखुश था और उन्हें मारना चाहता था।
गोली लगते ही शिंजो आबे जमीन पर गिर गए थे। मेडिकल टीम ने 6 घंटे तक उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान दिल का दौरा पड़ने के बाद उनकी मौत हो गई थी।
Exit mobile version