PAK महिला जासूस को ब्रह्मोस रिपोर्ट दिखाने वाला था साइंटिस्ट:व्हाट्सएप चैट से खुलासा; DRDO साइंटिस्ट ने कहा था- मैं तुम्हारे लिए रिपोर्ट तैयार रखूंगा

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

हनी ट्रैप में फंसे DRDO साइंटिस्ट प्रदीप कुरुलकर के मामले में महाराष्ट्र के एंटी-टेरेरिज्म स्क्वाड ने बड़ा खुलासा किया है। ATS ने बताया है कि प्रदीप कुरुकलर पाकिस्तान की महिला जासूस को मिलकर ब्रह्मोस मिसाइल प्रोजेक्ट की खुफिया रिपोर्ट दिखाना चाहता था। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक चार्जशीट के मुताबिक प्रदीप कुरुलकर ने ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर पाकिस्तान की महिला जासूस से 19 अक्टूबर 2022 से लेकर 28 अक्टूबर 2022 तक बात की थी।

प्रदीप को मालूम था कि ब्रह्मोस से जुड़ी जानकारी खुफिया है और व्हाट्स एप या ईमेल के जरिए नहीं दी जा सकती है। इसलिए प्रदीप ने जारा दासगुप्ता के नाम से उससे बात कर रही पाकिस्तानी जासूस को मिलने को कहा था। चार्जशीट में ब्रह्मोस को लेकर दोनों के बीच हुई व्हाट्स एप चैट को भी मेंशन किया है।

साइंटिस्ट प्रदीप कुरूलकर को 5 मई को जांच के लिए पुणे स्थित ATS कार्यालय लाया गया था। ये उसी दौरान का फुटेज है।

‘मैं तुम्हारे लिए रिपोर्ट तैयार रखूंगा’
चार्जशीट के मुताबिक जारा ने प्रदीप से पूछा था- क्या ब्रह्मोस भी तुम्हारी खोज है ? इसके जवाब में प्रदीप ने कहा- हां, सबसे खतरनाक खोज… मेरे पास 186 पन्नों में शुरुआती डिजाइन की रिपोर्ट है। इसमें ब्रह्मोस के सभी वर्जन की जानकारी है।
इसके बाद कुरुलकर जारा को कहता है- मैं उस रिपोर्ट को ट्रेस कर तुम्हारे लिए तैयार रखूंगा, जब तुम यहां आओगी तो तुम्हें दिखाऊंगा।

- Advertisement -

न सिर्फ ब्रह्मोस बल्कि कुरुलकर और जारा के बीच भारत की अग्नि 6, रुस्तम (अनमैन्ड एयर व्हीकल), सरफेस टु एयर मिसाइल, अनमैन्ड कॉम्बैट एयर व्हीकल और DRDO के ड्रोन प्रोजेक्ट्स को लेकर भी बात हुई थीं।

ATS ने इस मामले से खुफिया जानकारी वाले डॉक्यूमेंट्स भी एक सील लिफाफे में कोर्ट के सामने पेश किए हैं। चार्जशीट में ये भी बताया गया है कि कुरुलकर ने जारा को एक व्हाट्स एप ग्रुप में भी जोड़ा था, जिसका नाम ‘हैपी मॉर्निंग’ था। कुरुलकर ने सारा से बातचीत के दौरान दो और साइंटिस्ट का नाम मेंशन किया था। ATS ने इन दोनों वैज्ञानिकों से भी बात की है।

‘मैनें तुम्हें देखने की कोशिश की पर तुम नहीं दिखे’…
ATS की चार्जशीट में बताया गया है कि जारा ने कुरुलकर से क्वाडकॉप्टर के बारे में भी पूछा था। जारा ने इसका वीडियो भी देखा था। वीडियो देखने के बाद जारा ने कहा- मैनें वीडियो के लास्ट मिनट में तुम्हें ढूंढने की कोशिश की, पर कुछ नेवी अफसर और विदेशी दिखे। इस पर कुरुलकर ने कहा- जब वीडियो बनाया जा रहा था तो मैं क्वाडकॉप्टर के पीछे था।

इस पर जारा ने कहा- मैनें पहली बार किसी को क्वाडकॉप्टर में बैठे हुए देखा है। ये खतरनाक नहीं है क्या ? कुरुलकर कहता है- नहीं, हम बाद में बात करेंगे। इस्तेमाल से पहले हम इसका काफी टेस्टिंग करते हैं। कुरुलकर ने जारा को बताया कि प्रोजेक्ट अभी पूरा नहीं हुआ है।

अग्नि 6 मिसाइल लॉन्चर मेरा डिजाइन है
व्हाट्स एप चैट में कुरुलकर ने जारा को बताया कि अग्नि 6 का मिसाइल लॉन्चर उसका डिजाइन है। ये काफी सफल रहा। इसके बाद जारा ने कहा कि अग्नि 6 की टेस्टिंग कब की जाएगी। इस पर कुरुलकर कहता है- नाइट फायर करेंगे, थोड़ा धीरज रखो।

चार्ज शीट में बताया गया है कि कुरुलकर ने दूसरे देशों के साथ हुए भारत के एग्रीमेंट्स की जानकारी भी जारा को दी थी। 59 साल के कुरुलकर को 3 मई को ATS ने जासूसी और पाकिस्तान की महिला जासूस के साथ संपर्क रखने के लिए आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (Official Secrets Act-OSA) की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था।

Exit mobile version