यूक्रेनी हमले से उठे गुब्बार पर लगाई काली की तस्वीर:यूक्रेन की डिफेंस मिनिस्ट्री ने किया ट्वीट, भारतीयों की नाराजगी पर डिलीट करना पड़ा

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
तस्वीर यूक्रेन के डिफेंस मिनिस्ट्री के ट्वीट की है।

रूस ने शनिवार को दावा किया था कि यूक्रेन ने क्रीमिया में उनके 10 तेल के टैंकरों पर ड्रोन से हमला किया। इसके बाद खुद यूक्रेन की डिफेंस मिनिस्ट्री ने इस हमले की एक तस्वीर ट्विटर पर शेयर की। जिस पर रूस से ज्यादा भारतीयों ने कड़ी आपत्ति जताई।

इसकी वजह ये थी कि मिनिस्ट्री ने जो तस्वीर ट्वीट की थी। उसमें यूक्रेनी हमले से उठे धूएं के गुब्बार पर हिंदू देवी काली की तस्वीर लगी थी। यूक्रेनी मिनिस्ट्री ने फोटो शेयर कर उस पर वर्क ऑफ आर्ट लिखा था।

यूक्रेन के रूसी ऑयल टैंकरों पर किए हमले में काफी तेज आग लगी थी।

तस्वीर में काली को धूएं से बनी स्कर्ट पहने दिखाया
यूक्रेन की डिफेंस मिनिस्ट्री ने जो फोटो ट्वीट की थी उसमें काली को हॉलीवुड ऐक्ट्रैस मर्लिन मुनरो की तरह स्कर्ट पहने दिखाया था। जो हमले से उठे धूएं से बनी थी। इस पर एक यूजर ने लिखा, यूक्रेन के डिफेंस मिनिस्ट्री ने जिस तरह से मां काली का अपमान किया है, मैं ये देखकर हैरान हूं। मैं मांग करता हूं कि इसे तुरंत डिलीट किया जाए और माफी मांगी जाए।

- Advertisement -

काफी सारे लोगों के आपत्ति जताने के बाद इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया। हालांकि, उसके बावजूद लोगों ने स्क्रीनशॉट्स शेयर कर विदेश मंत्री एस जयशंकर से इस मामले में दखल देने की मांग की।

हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब काली के गलत तरह से दिखाने पर आपत्ति जताई गई हो। साल 2008 की बात है। हैलोवीन पार्टी में अमेरिकन पॉप स्टार हेइडी क्लम भारत में पूजी जाने वाली मां काली का रूप बनाकर सामने आई थी। उनका यह रूप काफी विवादों में रहा और उन पर हिंदुओं के अपमान करने का आरोप लगा।

11 हजार स्क्वायर फीट में फैली थी आग
यूक्रेन के हमले में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा था। रूसी अधिकारियों ने बताया था कि आग 11 हजार स्क्वायर फीट एरिया में फैल गई थी। जिस पर अब पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। रूस के टैंकरों पर हमला यूक्रेन की जवाबी कार्रवाई थी। दरअसल शुक्रवार को रूस ने एक के बाद एक 26 मिसालइलों से यूक्रेन पर हमला किया था, जिसमें 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

Exit mobile version