5 मार्च को पुलिस पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार करने पहुंची थी। लेकिन वो घर पर मौजूद नहीं थे। वो भाग गए थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान मुस्लिम लीग (PML) की लीडर मरियम नवाज ने खान को डरपोक और गीदड़ कह दिया।
इतना ही नहीं उन्हें देश तक छोड़ने के लिए कहा। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, मरियम ने ट्वीट कर कहा कि गीदड़ चोरी करने के बाद भी दूसरों की बेटियों के पीछे छुपता है और गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्हें शील्ड की तरह इस्तेमाल करता है।
दरअसल, गिरफ्तारी से नाराज इमरान के समर्थक सड़कों पर आ गए है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस को शक है कि इमरान गिरफ्त में आने से बचने के लिए महिलाओं और बच्चों को ढाल बना सकते हैं।
मरियम ने पिता नवाज को शेर बताया
ट्वीट में मरियम ने कहा- नवाज शरीफ बहादुर हैं क्योंकि वो मुश्किल समय में भागे नहीं, बल्कि जेल गए। जबकि इमरान खान कभी जेल नहीं गए। उन्होंने इमरान की तुलना अपने पिता नवाज से की। पिता को शेर कहा और इमरान को गीदड़ बताया। मरियम ने कहा- शेर भले ही बेगुनाह हो लेकिन वो अपनी बेटी का हाथ पकड़ता है, लंदन से पाकिस्तान आ जाता है और जेल जाता है। गीदड़ छुपता है। देश शेर और गीदड़ के बीच का अंतर समझ गया है।
खान को मुश्किलों का सामना करने का साहस दें
जेल भरो तहरीक इतिहास का सबसे असफल आंदोलन है। इमरान खान PML-N के सुप्रीमो नवाज शरीफ की तरह बहादुर नहीं है। वो डरपोक हैं। उन्हें देश छोड़ देना चाहिए। आवाम लीडर और भीड़ जमा करने वाले के बीच फर्क जानती है। उन्होंने नवाज शरीफ से इमरान खान को साहस देनी की बात भी कही।
खान ने समर्थकों को टाइगर कहा था
घर से भागने के चंद घंटों बाद ही इमरान खान ने लाहौर में अपने समर्थकों को संबोधित किया था। उन्होंने कहा था- पाकिस्तान इतना जलील कभी नहीं हुआ, हमारा क्राइम मिनिस्टर भीख मांगता घूम रहा है। इमरान ने अपने समर्थकों से कहा- आप मेरे टाइगर्स हैं। मैं कभी किसी के सामने नहीं झुका हूं, हम सिर्फ अल्लाह के सामने झुकने वाले लोग हैं।
तोशाखाना मामले में होनी है गिरफ्तारी
पाकिस्तान पुलिस 5 मार्च को तोशाखाना मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार करने उनके घर पहुंची थी। दरअसल, सत्ताधारी पाकिस्तानी डेमोक्रेटिक मूवमेंट ने तोशाखाना गिफ्ट मामला उठाया था। कहा था कि इमरान ने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न देशों से मिले गिफ्ट को बेच दिया था। इमरान ने चुनाव आयोग को बताया था कि उन्होंने तोशाखाने से इन सभी गिफ्ट्स को 2.15 करोड़ रुपए में खरीदा था, बेचने पर उन्हें 5.8 करोड़ रुपए मिले थे। बाद में खुलासा हुआ कि यह रकम 20 करोड़ से ज्यादा थी।
तोशाखाना मामले में ऐसे पकड़ी थी इमरान की चोरी
- पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ अजाकिया और इमदाद अली शूमरो के मुताबिक- इमरान को सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) ने गोल्ड से बनी और हीरों से जड़ी बेशकीमती रिस्ट वॉच गिफ्ट की थी। उन्होंने दो लिमिटेड एडिशन घड़ियां बनवाईं थीं। एक खुद के पास रखी थी। दूसरी इमरान को गिफ्ट की थी। इसकी कीमत करीब 16 करोड़ रुपए थी।
- इमरान ने घर आकर यह रिस्ट वॉच पिंकी पीरनी (तीसरी पत्नी बुशरा बीबी) को रखने के लिए दे दी। बुशरा ने यह घड़ी उस वक्त के एक मंत्री जुल्फी बुखारी को देकर कीमत पता करने को कहा। मंत्री ने बताया कि यह तो बेहद महंगी है।
- बुशरा ने उसे बेचने को कहा। ब्रांडेड घड़ी देखकर शोरूम के मालिक ने इसकी मैन्यूफेक्चरिंग कंपनी को फोन कर दिया और यहीं से इमरान की कलई खुल गई। मेकर्स ने सीधे MBS के ऑफिस से संपर्क किया और बता दिया कि आपने जो 2 घड़ियां बनवाईं थीं, उनमें से एक बिकने के लिए आई है। ये आपने भेजी है या चोरी हुई है?
- कुछ महीने पहले इमरान की पत्नी बुशरा और दोस्त जुल्फी बुखारी का ऑडियो लीक हुआ। इसमें साफ हो गया कि इमरान के कहने पर ही बुशरा ने जुल्फी बुखारी से संपर्क किया था और उन्हें घड़ियां बिकवाने को कहा था। जुल्फी इमरान सरकार में मंत्री रह चुके हैं और उनके बड़े राजदार माने जाते हैं।
