राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के बाद भारत के लोकतंत्र को लेकर एक सवाल पर अमेरिका की तरफ से बड़ा बयान सामने आया है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा- भारत एक ऐसा लोकतांत्रिक देश है जो लगातार विकास कर रहा है। जो भी नई दिल्ली जाता है वो इसे देख और महसूस कर सकता है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के वक्त हम लोकतंत्र के संस्थानों की ताकत पर भी चर्चा करेंगे।
किर्बी ने कहा- भारत कई स्तरों पर अमेरिका का मजबूत साझेदार है। वो क्वॉड का मेंबर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में हमारा खास दोस्त है। शांगरी-ला डायलॉग में रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने भारत के साथ अतिरिक्त रक्षा सहयोग की घोषणा की है। अमेरिका के भारत के साथ रिश्ते कई स्तरों पर मायने रखते हैं। राष्ट्रपति बाइडेन PM मोदी की अमेरिका यात्रा के वक्त कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। हमारा लक्ष्य इस पार्टनरशिप को और आगे ले जाना है।
PM मोदी के दौरे का मकसद दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाना
व्हाइट हाउस प्रवक्ता ने कहा- हम किसी भी मुद्दे पर बात करने में कतराते नहीं हैं और आप अपने दोस्तों के साथ ही ऐसा कर सकते हैं। हालांकि, PM मोदी की इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच दोस्ती और भागीदारी को और आगे बढ़ाना है।
व्हाइट हाउस बोला- चीन के रवैये से किसी को चोट लग सकती है
साउथ चाइना सी में अमेरिका की चीनी युद्धपोत से टकराव को लेकर व्हाइट हाउस ने कहा- ताइवान स्ट्रेट में आक्रामकता के लिए चीन की सेना जिम्मेदार है। चीन को ऐसी लापरवाही से बचना चाहिए। इसकी वजह से कई बार गलती हो जाती है और जिससे किसी को चोट भी पहुंच सकती है। अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों में इस तरह के इंटरसेप्शन्स होते रहते हैं। हम भी ये करते हैं लेकिन ये पूरी तरह से प्रोफेशनल होता है और तब किया जाता है जब इसकी बहुत ज्यादा जरूरत हो।
4 दिन के अमेरिका दौरे पर जाएंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 24 जून तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच 350 फाइटर जेट इंजनों के भारत में निर्माण का बड़ा रणनीतिक सौदा हो सकता है। इसके अलावा, 22 हजार करोड़ रुपए की 30 MQ-9 B आर्म्ड ड्रोन खरीदने की डील भी होने की संभावना है।
इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन व्हाइट हाउस में PM मोदी के लिए स्टेट डिनर भी होस्ट करेंगे। दौरे के तहत PM मोदी 22 जून को दूसरी बार अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने 2016 में भी कांग्रेस को एड्रेस किया था। PM मोदी ऐसा करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री होंगे।
राजनाथ सिंह से मिले अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन
पीएम मोदी के अमेरिका दौरे से पहले 4 जून को अमेरिका के डिफेंस सेक्रेटरी लॉयड ऑस्टिन ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उन्हें तीनों सेनाओं की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राजनाथ सिंह ने लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के बाद बताया कि दोनों देशों में डिफेंस क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई।
लॉयड ऑस्टिन ने बताया कि दोनों देशों के बीच डिफेंस पार्टनरशिप को मजबूत करने के लिए एक नई पहल की जा रही है। इसे INDUS-X कहा गया है। इसकी शुरुआत PM मोदी अमेरिका दौरे के वक्त करेंगे।
