सीक्रेट बुलेटप्रूफ ट्रेन से सफर करते हैं पुतिन:इसमें जिम, मसाज, एंटी-एजिंग तकनीक वाला सैलून मौजूद; 636 करोड़ में हो रही रेनोवेट

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दुनिया की सबसे बेहतरीन सुविधाओं से लैस सीक्रेट बुलेटप्रूफ ट्रेन में सफर करते हैं। उनकी इस ट्रेन के अंदर की नई तस्वीरें सामने आई हैं। इसे क्रेमलिन से जुड़ी एक्टीविटीज को ट्रैक करने वाली कंपनी डोसियर सेंटर ने शेयर किया है। तस्वीरों में नजर आ रहा है कि ट्रेन के अंदर एक जिम, स्पा, मसाज रूम, हॉस्पिटल, ब्यूटी इक्विपमेंट सहित तमाम सुविधाएं मौजूद हैं।

फिलहाल, 636 करोड़ रुपए में इस ट्रेन को रेनोवेट करने का काम जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद से पुतिन इस ट्रेन से ट्रैवल करना ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि प्रेसिडेंशियल प्लेन की तुलना में इसे ट्रैक कर पाना बेहद मुश्किल है। ट्रेन के अंदर एक तर्किश हमाम मौजूद है, अरोमा फोम की सुविधा है। इसकी कीमत करीब 39 करोड़ रुपए है।

तस्वीर में पुतिन अपनी ट्रेन के अंदर कुछ अधिकारियों के साथ बैठक करते नजर आ रहे हैं। (फोटो- CNN)

टैक्सपेयर्स की जेब से जा रहा ट्रेन का खर्च
इसके अलावा एक सैलून में एंटी-एजिंग के लिए सभी तकनीक मौजूद हैं। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, इन सबका खर्चा टैक्सपेयर्स से ही लिया जाता है। ट्रेन में कुछ कमरों को साउंड प्रूफ भी बनाया गया है। इनका इस्तेमाल पुतिन की हाई-लेवल मीटिंग्स के लिए किया जाता है। ट्रेन में एक सिक्योर्ड टेलिफोन लाइन भी है। रेनोवेशन के दौरान इसमें एक नया हेल्थ कैरेज और सिनेमा इंस्टॉल किया जाएगा।

बख्तरबंद ट्रेन का स्पेशल आर्मर कुछ हिस्सों को ही कवर करते हैं। इसका लेवल III+ है, जो AK-47 या SVD राइफल का सामना करने में सक्षम है। डेली मेल के मुताबिक, ये ट्रेन फिलहाल 100mph की स्पीड पर चलती है। रेनोवेशन के बाद इसकी स्पीड बढ़कर 124mph होने की उम्मीद है।

- Advertisement -
Exit mobile version