सऊदी में उमरा करने जा रहे यात्रियों की बस पलटी:20 की मौत, 29 घायल; ब्रेक फेल होने से पुल से टकराई थी बस

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
बस में कई देशों के यात्री सवार थे। हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत हुई है, जबकि 29 घायल हुए हैं।

सऊदी अरब में तीर्थयात्रियों को मक्का लेकर जा रही एक बस पुल पर क्रैश हो गई। हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। बस यात्रियों को उमरा के लिए मक्का लेकर जा रही थी। तभी सऊदी के असीर राज्य के पास ब्रेक फेल होने से बस पुल से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस में सवार यात्री अलग-अलग देशों के थे। हालांकि, ये कौन से देश हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हादसा होते ही सिविल डिफेंस की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीर्थयात्रियों को मक्का लेकर जा रही बस का ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद बस पुल से टकरा गई।
हादसे के बाद सऊदी सिविल डिफेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

रमजान में उमरा नहीं दोहरा पाएंगे यात्री
वहीं 26 मार्च को सऊदी सरकार ने उमरा को लेकर नई गाइडलाइन जारी की। सरकार ने घोषणा कर बताया कि रमजान के महीने में हाजी सिर्फ एक बार ही उमरा कर सकते हैं। किसी भी यात्री को 2 बार उमरा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हज और उमरा मंत्रालय ने कहा कि हाजियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए ये फैसला किया गया है।

सऊदी सरकार ने गाइडलाइन में कहा है कि सभी यात्री उमरा के लिए तय समय सीमा का पालन करें। साथ ही परमिट के लिए नुसुक ऐप का ही इस्तेमाल करें। अगर कोई यात्री परमिट मिलने के बाद भी उमरा के लिए नहीं जा पा रहा होगा तो उसकी बुकिंग रद्द हो जाएगी।

- Advertisement -
नई गाइडलाइंस के मुताबिक, रमजान में हाजियों को केवल एक बार ही उमरा करने की इजाजत होगी।

क्या है उमरा?
उमरा हज की तरह ही एक मुस्लिम धार्मिक यात्रा है। सऊदी अरब में हज के समय को छोड़कर यात्री कभी भी उमरा के लिए जा सकते हैं। हालांकि, रमजान के महीने में इसके लिए सबसे ज्यादा भीड़ होती है। इस यात्रा की समय सीमा 15 दिन होती है। उमरा के दिनों में यात्री करीब आठ दिन मक्का और सात दिन मदीना में समय लगाते हैं।

सऊदी अरब से बाहर के यात्रियों को उमरा के लिए स्पेशल वीजा की जरूरत होती है। ये वीजा एक महीने तक मान्य रहता है। सऊदी अरब और आसपास रहनेवाले लोग बिना किसी खास दस्तावेज के उमरा कर सकते हैं।

Exit mobile version