रूस की सबसे कठोर जेल में पुतिन विरोधी नेवलनी:आर्कटिक जेल में -28 डिग्री तक गिरेगा पारा; वकील बोले- चुनाव से दूर रखने की साजिश

By Abhishek Raghuvanshi
6 Min Read
तस्वीर पुतिन के विरोधी नेता एलेक्सी नेवलनी की है, जिन्हें रूस में 19 साल जेल की सजा सुनाई गई है। (फाइल) - Dainik Bhaskar
तस्वीर पुतिन के विरोधी नेता एलेक्सी नेवलनी की है, जिन्हें रूस में 19 साल जेल की सजा सुनाई गई है। (फाइल)

रूस की जेल से गायब हुए पुतिन के सबसे बड़े विरोधी एलेक्सी नेवलनी को करीब 20 दिन बाद ढूंढ लिया गया है। वो आर्कटिक सर्कल के उत्तर में एक जेल में बंद हैं। इस जेल को रूस की सबसे कठोर जेलों में से एक कहा जाता है। यहां वो कैदी रहते हैं, जो बेहद खतरनाक अपराधों में दोषी होते हैं।

पोलर वुल्फ के नाम से मशहूर इस जेल में अगले हफ्ते तापमान माइनस 28 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क जाएगा। यह जेल रूस के उत्तर-पूर्वी इलाके खार्प में मौजूद है, जो मॉस्को से करीब 1900 किमी दूर है। नेवलनी की प्रवक्ता कीरा यारमिश ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि नई जेल पिछले वाली की तुलना में और भी बुरी होने वाली है। नेवलनी के लिए जीवन जीना और मुश्किल किया जा रहा है।

पोलर वुल्फ जेल रूस के खार्प इलाके में मौजूद है, जिसकी लोकेशन मैप में देखी जा सकती है…

20 दिन से गायब थे नेवलनी
नेवलनी के वकील इवान ज्दानोव ने बताया- नेवलनी के गायब होने के बाद हमने उनकी जानकारी के लिए अधिकारियों के पास 618 रिक्वेस्ट भेजी थी। रूसी अधिकारी नेवलनी को अगले साल मार्च में होने राष्ट्रपति चुनावों से दूर रखने के लिए ऐसा कर रहे हैं। इससे पहले नेवलनी को मॉस्को से करीब 235 किमी दूर एक जेल में रखा गया था।

- Advertisement -

उन्होंने कहा था- रूसी नेता मुझे खतरे के तौर पर देखते हैं। बतौर कैदी मैं चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा, इसलिए मुझे गिरफ्तार किया गया। मुझ पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। रूस का ज्यूडिशियल सिस्टम भ्रष्ट है।

प्रवक्ता यारमिश ने कहा- कुछ दिन पहले ही जेल में उनकी तबियत भी काफी बिगड़ गई थी। वो जमीन पर पड़े हुए मिले थे। उन्हें जेल में खाना नहीं दिया जाता था। उन्हें एक ऐसी सेल में रखा जाता था, जहां वेंटिलेशन नहीं था। जब उनकी तबियत बिगड़ी थी तब ऐसा लगा था कि जैसे वो भूख की वजह से बेहोश हुए थे।

रूस में 19 साल की सजा काट रहे नेवलनी
BBC के मुताबिक, नेवलनी को इस साल अगस्त में 19 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। उन पर चरमपंथी समुदाय बनाने और उन्हें बढ़ावा देने के मामले में दोषी पाया गया था। इससे पहले भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामलों में उन्हें 12 साल की सजा दी गई थी।​​​

नेवलनी ने यूक्रेन युद्ध को लेकर पुतिन के खिलाफ जेल से अभियान चलाया था। CNN के मुताबिक, अगस्त में सजा सुनाए जाने के बाद नेवलनी ने कहा था कि सालों की ये सजा उनके लिए मायने नहीं रखती।

नवलनी पर 2017 में जानलेवा हमला हुआ था। हमले में उनकी आंख में गंभीर चोट आई थी। साल 2018 में उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में खड़े होने की कोशिश की लेकिन धोखाधड़ी के आरोप के चलते वो ऐसा न कर सके। एलेक्सी ने इसे सरकार की साजिश बताया था। जुलाई 2019 में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद नेवलनी को 1 महीने की जेल हुई थी।

2020 में जहर देने की कोशिश हुई
उस वक्त जेल में तबियत बिगड़ने के बाद कहा गया कि नेवलनी को जहर देने की कोशिश हुई है। इसके बाद साल 2020 में भी उन्हें जहर देने की कोशिश की गई। वह फ्लाइट में बेहोशी की हालत में पाए गए थे, जिसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।

उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ठीक होने के बाद गिरफ्तारी की खतरे के बीच नेवलनी 2021 में रूस लौटे। रूस में कदम रखते ही सेना ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, 14 से ज्यादा क्रिमिनल केस चल रहे हैं, जिनमें उसे 35 साल तक जेल की सजा हो सकती है।

सोवियत काल में बनी पोलर वुल्फ जेल
आर्कटिक सर्कल से करीब 60 किमी उत्तर में मौजूद पोलर वुल्फ जेल को 1960 के दशक में बनाया गया था। ये सोवियत संघ के गुलाग सिस्टम का हिस्सा थी, जिसके तहत राजनीतिक और खतरनाक अपराधियों के इस जेल में रखा जाता था। यहां कई महीनों तक तेज ठंड का दौर रहता है। वहीं गर्मियों में मच्छरों से इलाका घिरा रहता है।

स्टालिन के राज में जेल में मौजूद कैदियों को रूसी आर्कटिक में रेलवे लाइन बनाने का काम सौंपा गया था। हालांकि, ये कभी पूरी नहीं हो सका। यहां से भागना या किसी कैदी को संपर्क करना बेहद मुश्किल होता है।

Exit mobile version