फिलिस्तीनी मूल के बच्चे की 26 बार चाकू मारकर हत्या:हमले से पहले 71 साल का आरोपी बोला- तुम्हें मर जाना चाहिए; अमेरिका की घटना

By Abhishek Raghuvanshi
5 Min Read
शिकागो के काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशन्स (CAIR) ने मारे गए 6 साल के बच्चे की ये तस्वीर शेयर की है। - Dainik Bhaskar
शिकागो के काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशन्स (CAIR) ने मारे गए 6 साल के बच्चे की ये तस्वीर शेयर की है।

अमेरिका के इलिनोइस में एक 71 साल के बुजुर्ग ने 6 साल के फिलिस्तीनी मूल के बच्चे की हत्या कर दी। आरोपी ने हमले से पहले कहा- तुम्हें मर जाना चाहिए और बच्चे को 26 बार चाकू मार दिया। उसकी मां पर भी हमला किया। पुलिस के मुताबिक, ये हमला इजराइल-हमास जंग की वजह से किया गया।

पुलिस ने कहा- दोनों विक्टिम मुस्लिम थे। उन्हें मिडिल-ईस्ट में हो रही इजराइल और हमास के बीच जंग की वजह से टारगेट किया गया। मां-बेटा आरोपी जोसेफ कजुबा के घर किराए से रहते थे। शिकागो के काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशन्स (CAIR) ने कहा- बच्चा फिलिस्तीनी-अमेरिकी था। गंभीर रूप से घायल उसकी मां फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस ने 71 साल के आरोपी जोसेफ कजुबा की ये तस्वीर शेयर की है।

मां ने पुलिस को फोन किया
पुलिस ने बताया कि आरोपी और मारे गए बच्चे की मां के बीच हाथापाई हुई। इस बीच मां ने पुलिस को फोन किया। एक अफसर ने कहा- जानकारी मिलते ही हम फौरन पहुंचे। हमें मां-बेटा बेडरूम में मिले। दोनों की छाती पर घाव थे। मां गंभीर रूप से घायल थी। बच्चे के शरीर में मूवमेंट नहीं हो रही थी। हमने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मां का इलाज जारी है।

सोशल मीडिया पर शिकागो से 64 किलोमीटर दूर इलिनोइस के इस घर की तस्वीर वायरल हो रही है। कहा जा रहा है कि इसी घर में 6 साल का बच्चा अपनी मां के साथ किराए से रहता था।

घर के दरवाजे पर ही बैठा था आरोपी
पुलिस ने कहा- पोस्टमार्टम के दौरान बच्चे के पेट से मिलिट्री-स्टाइल नाइफ निकाला गया। इसकी ब्लेड 7 इंच की थी।

- Advertisement -

वहीं, पुलिस ने घटना स्थल से ही आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा- आरोपी कजुबा मां-बेटे पर हमला करने के बाद घर के दरवाजे पर ही बैठा था। उसके माथे पर चोट के गहरे निशान थे। उसे भी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उस पर हेट क्राइम और हत्या के आरोप लगाए गए।

पुलिस ने घर के आस-पास के इलाके को सील कर दिया है। इन्वेस्टिगेशन जारी है।

‘तुम मुस्लिमों को मर जाना चाहिए’
अस्पताल में भर्ती बच्चे की मां ने अपने पति को एक मैसेज किया। इसमें लिखा- उसने दरवाजे पर नॉक किया। जैसे ही मैंने दरवाजा खोला, उसने बहुत जोर से मेरा गला दबा दिया। बोला- तुम मुस्लिमों को मर जाना चाहिए। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इस हेट क्राइम की निंदा की है। उन्होंने कहा- हेट क्राइम की अमेरिका में कोई जगह नहीं है।

इजराइल-हमास जंग में 3800 से ज्यादा मौतें
7 अक्टूबर से शुरू हुई इजराइल-हमास जंग का आज 10वां दिन है। अब तक इजराइल के हमलों से गाजा में 2,450 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है। इनमें 724 से ज्यादा बच्चे और 370 से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं। वहीं, हमास के हमले में करीब 1,400 इजराइली मारे गए हैं।

इजराइल और फिलिस्तीन के बीच क्यों है विवाद
मिडिल ईस्ट के इस इलाके में यह संघर्ष कम से कम 100 साल से चला आ रहा है। यहां वेस्ट बैंक, गाजा पट्टी और गोलन हाइट्स जैसे इलाकों पर विवाद है। फिलिस्तीन इन इलाकों समेत पूर्वी यरुशलम पर दावा जताता है। वहीं, इजराइल यरुशलम से अपना दावा छोड़ने को राजी नहीं है।

गाजा पट्टी इजराइल और मिस्र के बीच में है। यहां फिलहाल हमास का कब्जा है। ये इजराइल विरोधी समूह है। सितंबर 2005 में इजराइल ने गाजा पट्टी से अपनी सेना वापस बुला ली थी। 2007 में इजराइल ने इस इलाके पर कई प्रतिबंध लगा दिए। फिलिस्तीन का कहना है कि वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी में स्वतंत्र फिलिस्तीन राष्ट्र की स्थापना हो।

Exit mobile version