अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प एक और केस में फंसते नजर आ रहे हैं। 2021 में राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद ट्रम्प पर कई क्लासिफाइड डॉक्यूमेंट्स अपने घर ले जाने का आरोप है। इस केस की जांच कर रही जस्टिस डिपार्टमेंट की स्पेशल काउंसिल के प्रॉसिक्यूटर्स ने ट्रम्प के वकीलों को जानकारी दी है कि वो इस केस में जांच का टारगेट हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, स्पेशल काउंसिल ने अपनी जांच पूरी कर ली है और वो जल्द ही ट्रम्प पर क्रिमिनल चार्ज लगाने की तैयार कर रहे हैं।
वहीं जांच को लेकर ट्रम्प ने कहा- मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है कि मुझ पर क्रिमिनल चार्जेस लगाए जाएंगे। ऐसा होना भी नहीं चाहिए क्योंकि मैंने कुछ गलत नहीं किया है। ट्रम्प इससे पहले भी कई बार अपने ऊपर चल रहे सभी केस को राजनीतिक साजिश बता चुके हैं। उनके मुताबिक, उन्हें 2024 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने से रोकने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
पहले समझिए जांच में टारगेट होने का क्या मतलब है
रॉयटर्स के मुताबिक, जस्टिस डिपार्टमेंट किसी को जांच का टारगेट होने का नोटिस जारी कर उसे ज्यूरी के सामने अपना पक्ष और सबूत रखने का मौका देता है। वहीं 2 दिन पहले ही ट्रम्प के वकीलों ने केस पर चर्चा के लिए जस्टिस डिपार्टमेंट के अधिकारियों से मुलाकात की थी। इसके अलावा कैपिटल हिल हिंसा मामले में भी ट्रम्प और उनके सहयोगी सहित कई लोग जांच के दायरे में है। इस केस में भी आरोपी साबित होने पर ट्रम्प पर क्रिमिनल चार्ज लग सकते हैं।
क्या है ट्रम्प का सीक्रेट डॉक्यूमेंट्स से जुड़ा विवाद
जनवरी 2021 में व्हाइट हाउस छोड़ने पर ट्रम्प पर अपने फ्लोरिडा स्थित आलीशान घर मार-ए-लेगो में कई क्लासिफाइड डॉक्यूमेंट्स ले जाने के आरोप लगे थे। ट्रम्प ने इन डॉक्यूमेंट्स को नेशनल आर्काइव्स को सौंपने से भी इनकार कर दिया था। इसके बाद मामला FBI के पास पहुंचा। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, FBI को छानबीन में ट्रम्प के घर मार-ए-लागो और उनके प्राइवेट क्लब से 300 से ज्यादा खुफिया दस्तावेज बरामद हुए थे।
वहीं कुछ दिन पहले CNN ने एक ऐसी ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलने का दावा किया था, जिसमें ट्रम्प ये खुद कबूल करते हैं कि चुनाव हारने के बाद वो सीक्रेट फाइल्स अपने घर ले गए थे। ऑडियो में ट्रम्प कह रहे हैं कि उन्होंने ईरान पर हमले की जानकारी वाली रक्षा विभाग की फाइल अपने पास रखी थी।
ट्रम्प पर 19 केस में जांच जारी
इसके अलावा, ट्रम्प पर 19 और केस चल रहे हैं। अप्रैल में पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल को पैसे देकर चुप कराने के मामले में उन पर क्रिमिनल केस चलने की घोषणा हुई थी। 4 अप्रैल को मैनहैटन की कोर्ट ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति पर 34 आरोप लगाए थे। वहीं उन पर मैगजीन राइटर ई जीन कैरोल ने रेप और मानहानि का भी केस किया। इसके अलावा ट्रम्प पर वित्तीय गड़बड़ी से जुड़े कई केस के साथ 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में दखलअंदाजी की कोशिश के मामले भी दर्ज हैं।
राष्ट्रपति बाइडेन पर भी हैं खुफिया दस्तावेज घर ले जाने के आरोप
ट्रम्प के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन पर भी सरकारी फाइलों को घर ले जाने के आरोप हैं। डेलावेयर स्थित घर और वॉशिंगटन में उनके ऑफिस से अब तक 10 से ज्यादा खुफिया फाइलें मिल चुकी हैं। अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने इस मामले में जनवरी में लगभग 13 घंटे बाइडेन के घर की तलाशी ली थी।
जब्त की गई फाइलों में कुछ उस समय की हैं जब वो उपराष्ट्रपति थे। वहीं, कुछ तब की हैं जब बाइडेन सीनेटर हुआ करते थे। इस मामले में 19 जनवरी को बाइडेन ने कहा था कि उन्हें फाइलें मिलने का कोई अफसोस नहीं है। उनके इस बयान पर रिपब्लिकन पार्टी ने उनकी कड़ी आलोचना की थी, कुछ लोगों ने इसे बेवकूफाना बयान बताया था। इस मामले की अभी जांच चल रही है।
