चीन के दक्षिणी तट से टकराया तूफान साओला:160 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही, 9 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
तस्वीर तूफान साओला की है। (सोर्स – जूम अर्थ)

तूफान साओला आज सुबह चीन के ग्वांगडोंग में दक्षिणी तट से टकरा गया है। इससे पहले चीन के तटीय शहर शेनझेन में शुक्रवार शाम से पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बंद कर दिया गया था। आस-पास के इलाकों में स्कूलों और दुकानों को बंद भी बंद कराया गया है। तूफान के कारण चीन में एक व्यक्ति की मौत की भी खबर हैं।

हवाएं 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हैं। 9 लाख लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। चीनी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ये तूफान 1949 के बाद से दक्षिणी प्रांत में आने वाले पांच सबसे ताकतवर तूफानों में से एक हो सकता है।

तस्वीर तूफान आने के बाद जमीन से उखड़ चुके पेड़ की है।
तेज हवा के बीच एक युवती छाते को सम्हालती नजर आ रही है।

सैकड़ों उड़ानें रद्द, स्कूल बाजार बंद
खराब मौसम के चलते चीन में सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। शेनजेन, हांगकांग और मकाऊ में तेज हवाएं चल रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि ज्वार सामान्य से 13 फीट अधिक के रिकार्ड स्तर तक पहुंच गया। शहरों में शाम के समय से ही काफी तेज हवा चल रही है। तेज हवा के कारण तूफान के चीन के तट से टकराने के बाद बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इस साल चीन के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में गर्मी में आई भीषण बाढ़ के कारण दर्जनों लोगों की मौत हुई थी।

तस्वीर में टाइफून साओला से हांगकांग में मची तबाही को देखा जा सकता है।
तूफान के कारण गिरे हुए पेड़ो ंको हटाते राहतकर्मी।

रविवार को एक और तूफान चीन के तट से टकराएगा
प्रशांत महासागर में उठा एक और तूफान हाइकुई पूर्वी चीन के शहर वेनझोउ से टकरा सकता है। इस बात की जानकारी बीजिंग में मौजूद अमेरिकी दूतावास ने दी। दूतावास ने कहा कि चीन के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सें में तेज हवाएं, भारी बारिश, बाढ़ और यातायात में परेशानी की समस्या देखने को मिल सकती है।

- Advertisement -

गुरुवार तक, दक्षिणी चीन में चौथे स्तर की चेतावनी जारी की गई है।। ग्वांगडोंग में चलने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं कुछ के रूट बदलने की आशंका है।

तस्वीर तूफान हाइकुई की है। ( सोर्स- ताइवान मोसम विभाग)

अमेरिकी नौसेना द्वारा संचालित मौसम विज्ञान सेवा, ज्वाइंट टाइफून वार्निंग सेंटर के मुताबिक, तूफान साओला शुक्रवार को 138 मील प्रति घंटे की रफ्तार से लगातार आगे बढ़ रहा है। ये चौथी श्रेणी का तूफान बन सकता है। अमेरिकी केंद्र ने कहा कि तूफान हाइकुई की अधिकतम रफ्तार 80 मील प्रति घंटे की होगी। ये पहली केटेगरी का तूफान होगा।

Exit mobile version