उन्नाव। सफीपुर थाना में तैनात प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने मीडिया कर्मियों से घटना के संबंध में बताया कि घटनास्थल का मुआयना किया गया। प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल की जांच की गई। जिसमें अंतिम काल उनकी घर की पाई गई है, घटना पारिवारिक कलह से जुड़ी हुई प्रतीत होती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आगे की कार्यवाही की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पुत्र स्व.विक्रम सिंह निवासी यहियापुर थाना नौगवां सादात जनपद अमरोहा के पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन उन्नाव स्थित शहीद स्मारक स्थल लाया गया। जहां पर पूर्व से मौजूद श्रीमती अपूर्वा दुबे जिलाधिकारी, सिद्धार्थ शंकर मीना पुलिस अधीक्षक, शशि शेखर सिंह अपर पुलिस अधीक्षक एवं उपस्थित सभी क्षेत्राधिकारीगण व पुलिस कर्मियों उन्नाव दवा विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मयंक बाजपेई और महामंत्री ऋषभ पांडे द्वारा पार्थिव शरीर पर रीथ व पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की तथा सेरेमोनियल गार्द द्वारा शोक सलामी दी गई।
