दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक शख्स कोर्ट की चौथी मंजिल कूद गया. आनन-फानन में पुलिस ने घायल अवस्था में युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है. हालांकि उसमें आत्महत्या का कारण नहीं बताया गया है.
मृतक की पहचान गुरुग्राम निवासी दलजीत सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक कोर्ट में हर रोज की तरह चहल-पहल थी, लेकिन अचानक मृतक ने कोर्ट की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी. जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन उसकी मौत हो गई. उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला है और उसने इतना बड़ा कदम उठाने के लिए किसी को दोष नहीं दिया है.
मृतक ने एक कागज पर अपना सुसाइड नोट लिखा था. जिस पर उसने लिखा- “सॉरी मां, आपका बेटा बहुत कमजोर निकला. आई लव यू. आपको बहुत मिस किया. सॉरी. मैंने बहुत कोशिश की लेकिन कुछ कर नहीं पाया. ट्रिप्पी को बहुत-बहुत प्यार.”
