मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो बदमाशों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दोनों ही अन्य राज्यों से मादक पदार्थ लाकर बेचते थे। इनके कब्जे से 20 लाख रुपए की ब्राउन शुगर जब्त हुई है। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि बदमाशों के नाम चिंटू उर्फ चींटी और उसका साथी आकाश उर्फ बोनी दोनों निवासी भागीरथपुरा हैं। ये बाणगंगा क्षेत्र में नमकीन क्लस्टर वाली गली में किसी व्यक्ति को ब्राउन शुगर की डिलीवरी देने आए थे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद उनकी घेराबंदी की तो यह मौके से भाग नहीं सके। चींटी उर्फ चिंटू वर्मा के विरुद्ध बाणगंगा में 7 अपराध एवं आकाश के खिलाफ बाणगंगा में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, जहरीली शराब, लड़ाई झगड़ा, आगजनी, अवैध वसूली, मादक पदार्थ जैसी गंभीर धाराओं में 6 अपराध दर्ज हैं।
