15 घंटे ढूंढ़ने के बाद सोसायटी में ही दोस्त के यहां मिली नाबालिग लड़की

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • रहवासियों का आरोप- फ्लैट की पांचवीं मंजिल पर हाथ-पैर बांधकर अलमारी में बंद रखा था। पुलिस कर रही जांच।

इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में बुधवार शाम गुम हुई नाबालिग लड़की गुरुवार को उसी इमारत की पांचवीं मंजिल स्थित दोस्त के फ्लैट में अलमारी के अंदर बंद मिली। उसे खोजने के लिए रातभर सोसायटी के रहवासी परेशान होते रहे।

दरअसल, श्रीजी वैली में रहने वाली 13 वर्षीय लड़की बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे से गायब थी। रहवासियों का आरोप है कि लड़की को पांचवीं मंजिल पर रहने वाली महिला के कहने पर बंधक बनाया गया था। महिला यहां दो बच्चों के साथ रहती है। हम रातभर ढूंढते रहे, महिला के बच्चे भी नीचे आए। हमने उनसे भी बार-बार पूछा, लेकिन उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता वह कहां है? रात में हम एक-दो बार वहां बच्ची के बारे में पूछने के लिए भी गए, लेकिन उन्होंने दरवाजा तक नहीं खोला। इसलिए हमें शक हुआ था कि बच्ची यहां हो सकती है।

परिवार का आरोप- अलमारी में थी बंद
सुबह जब पुलिस सोसायटी में आई तो उनके साथ बच्ची की मां और चाची ऊपर गईं। यहां चाची को अलमारी में कुछ आवाज आने लगी। अलमारी खोलने की बात कही तो वहां रहने वाली महिला की बच्ची मना करने लगी कि इसमें कुछ नहीं है। इसके बाद खोला तो उसमें बच्ची थी और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। हालांकि, बच्ची ने अपने बयान में ऐसी कोई बात पुलिस से नहीं कही है। बच्ची का कहना है कि खुद वहां रात रुकने के लिए गई थी।

बच्ची ने कहा- मैं खुद वहां रुकी थी
पुलिस के अनुसार, बच्ची ने बयान में बताया कि उसे फुटबाल खेलना पसंद है। रात में आने में थोड़ी देर हो गई थी। इस पर मां ने उसे डांटा था। इसके बाद वह सोसायटी में आई तो घर पर न जाते हुए ऊपर पांचवीं मंजिल पर रुक गई, क्योंकि वहां रहने वाली बच्ची उसकी दोस्त है। फिलहाल पांचवीं मंजिल पर रहने वाली महिला सीहोर गई हुई है। वहां से आने के बाद उसके भी बयान लिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

- Advertisement -
Exit mobile version