12 साल की बच्ची को चाकू दिखाकर किया अगवा, हत्या की धमकी देकर दुष्कर्म

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


हरतालिका तीज की रात पूजन के लिए मौसी के घर जा रही थी बच्ची, रास्ते में आरोपित ने किया अपहरण।
आरोपित ने दुष्कर्म के बाद धमकी दी कि घटना किसी को बताई तो भाई की हत्या कर देगा।
पुलिस ने दुष्कर्म, हत्या की धमकी, पाक्सो एक्ट और अपहरण की धाराओं में केस दर्ज किया है।
घटना से काफी डर गई थी बच्ची। उस वक्त उसने कुछ नहीं बताया। बात में मां को पूरा वाकया सुनाया।
आजाद नगर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कालोनी में रहने वाले एक युवक के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है।आरोपित ने बच्ची को चाकू अड़ाकर फिल्मी अंदाज में अगवा कर लिया। हत्या की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और कहा कि घटना के संबंध में किसी से जिक्र किया तो भाई की हत्या कर देगा।
पुलिस के मुताबिक, मामला हरतालिका तीज की रात का है। इदरिश नगर में रहने वाली बच्ची की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित अरुण परिहार के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या की धमकी, पाक्सो एक्ट और अपहरण की धाराओं में केस दर्ज किया है। बच्ची रात करीब 10 बजे हरतालिका तीज पूजने के लिए मौसी के घर रवाना हुई थी। रास्ते में कालोनी में रहने वाला अरुण मिला और चाकू अड़ा दिया। उसने कहा कि बाइक पर नहीं बैठी तो गर्दन काट देगा।
मां को घटना बताई तो थाने पहुंचे स्वजन
आरोपित एक मकान में ले गया और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद बच्ची घर गई और मां से मिली।घटना से वह काफी सहम गई थी। उसने उस वक्त तो मां को कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में पूरी घटना बताई।गुरुवार को वह माता-पिता के साथ थाने पहुंची और आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करवाया। एसआइ कल्पना चौहान ने पीड़िता के कथन लिए और मेडिकल परीक्षण करवाया।

Exit mobile version