हवाला माफिया नरेश जैन (दिल्ली) के पार्टनर संजय ठाकुर सहित निरंजन जाधव और अनूप गुप्ता पर पुलिस ने करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपितों पर ब्लैकमेल करने की साजिश का भी आरोप है। पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर ने एफआइआर दर्ज करने के आदेश दिए थे।
तुकोगंज थाना पुलिस के मुताबिक, कारोबारी नीरज श्रीचंद पंजवानी द्वारा शिकायत दर्ज करवाई थी। नीरज भागीदार राजकुमार कुकरेजा कुसुम रियल एस्टेट में भागीदार बने थे। यह फर्म जमीन संबंधित व्यवसाय के लिए बनाई गई थी ।अगस्त 2019 में दोनों ने छह करोड़ रुपये निवेश किए थे। इसके बाद आरोपितों ने 70 प्रतिशत राशि निवेश कर 70 प्रतिशत का भागीदार बनने का प्रलोभन दिया। करोड़ों रुपये निवेश करवाने के बाद आरोपित कंपनी से बाहर हो गए।उस वक्त कंपनी में 9 करोड़ 10 लाख का ऋण और खाते में 2 करोड़ 82 लाख बैलेंस था, जिसे तीनों आरोपितों ने निकाल लिया।
ब्लैकमेल करने के लिए बनाई फर्जी बैलेंसशीट
जनवरी 2023 में आरोपितों ने ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से फर्जी बैलेंस शीट बनाकर दावा किया कि नीरज और राजकुमार से 110 करोड़ का लेनदेन शेष है। वहीं, 2021-22 को आयकर विभाग को सौंपी बैलेंसशीट में निवेश और कर्ज का स्पष्ट उल्लेख किया गया। मामले की तुकोगंज थाना पुलिस को शिकायत की गई। डीसीपी जोन-3 धर्मेंद्रसिंह भदौरिया ने जांच करवाई और गुरुवार को तीनों आरोपित संजय पुत्र अंतरसिंह ठाकुर, निरंजन पुत्र रामस्वरूप जाधव और अनूप पुत्र अतुल गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया।
