रावजी बाजार पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जाली दस्तावेज बनाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।आरोपियों में कई रसूखदार भी शामिल है।
रावजी बाजार पुलिस के अनुसार फरियादी संजय मालवीय पिता विजय मालवीय निवासी रेस कोर्स रोड की शिकायत पर आरोपी सचिन हजारी उसके भाई राजेश हजारी सहित लीलाबाई, मिश्रीलाल , अरविंद सिंह तोमर और राजाराम के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। सचिन हजारी और राजेश हजारी मैसर्स किसान फॉर्म्स के संचालक हैं। संजय मालवीय ने पुलिस को बताया कि उन्होंने आरोपी लीलाबाई और उसके बेटे से 2 साल पहले देवास में एक जमीन 5 लाख में खरीदी थी। इसी जमीन पर हजारी बंधुओं ने कब्जा कर फार्म हाउस काट दिए । संजय मालवीय ने आपत्ति ली तो उनके खिलाफ कोर्ट में 4 प्रकरण दर्ज करवा दिए फरियादी संजय ने लगातार मामले में सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य दफ्तरों में शिकायत की। आखिर में जांच में सामने आया कि हजारी बंधुओं ने साल 2021 में जारी हुए स्टांप पर 1 साल पहले की लिखा पढ़ी कर जमीन हड़पने की कोशिश की है। साजिश का पर्दाफाश होने के बाद जितने भी लोग इस धोखाधड़ी में शामिल थे सभी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
