सहज और सरल रहिए लेकिन यदि आप सक्रिय राजनीति में हैं तो अनजान, विरोधी और विपक्षी कार्यकर्ताओं से मिलते समय सतर्क रहने की जरूरत है। वर्ना आपके साथ कोई ऐसी हरकत हो सकती है जैसी भारतीय जनता महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा के हाल ही में हुई। कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता उनके पास कांग्रेस की नारी शक्ति सम्मान योजना का पोस्टननुमा पत्रक लेकर पहुंच गए। इस पत्रक पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का फोटो भी छपा था। इन कार्यकर्ताओं ने पत्रक के साथ महिला मोर्चा की अध्यक्ष का फोटो खींचा और बाद में इसे इंटरनेट मीडिया पर यह कहते हुए वायरल कर दिया कि मोर्चा की अध्यक्ष भी कांग्रेस की इस योजना की सराहना कर रही हैं। मोर्चा अध्यक्ष को अपनी ही पार्टी को जवाब देना भारी पड़ गया। हालांकि उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाकर सबक भी सिखा दिया, लेकिन बात दूर तक निकल चुकी थी।
