- शादी के तीन माह बाद दुल्हन ससुराल से गहने और रुपए लेकर फरार हो गई। मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है।
- शादी के तीन महीने बाद दुल्हन नकदी-सोना लेकर फरार
- प्रोपर्टी ब्रोकर की पत्नी बहन के घर जाने के बहाने से निकली
- महिला के पहले पति से एक बेटी भी
इंदौर। प्रापर्टी ब्रोकर की पत्नी सोना-नकदी लेकर फरार हो गई। उसने तीन महीने पूर्व ही मंदिर में शादी की थी। बाणगंगा पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है। शादी करवाने में शामिल दुल्हन के परिचितों से पूछताछ चल रही है। महिला के फोन बंद आ रहे है। मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र के शिवकंठनगर का है। पुलिस ने जितेंद्र लालजी वर्मा की शिकायत पर ज्योति के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
जितेंद्र प्रोपर्टी खरीदने-बेचने का व्यवसाय करता है। जितेंद्र ने ज्योति से तीन महीने पूर्व ही शादी की थी। दोनों ने स्वजन व परिचितों की मौजूदगी में मंदिर में मांग भरी थी। ज्योति की पहले पति से बेटी भी है। वह भी जितेंद्र के साथ रहती थी।
बहन के घर जाने का बहाना
जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि सोमवार को व्यवसाय के सिलसिलें में बाहर चला गया था। ज्योति ने कहा उसे गणेशनगर में रहने वाली बहन से मिलने जाना है। दोपहर करीब दो बजे लौटा तो ज्योति ने कहा तबियत ठीक न होने से गणेशनगर नहीं गई। जितेंद्र दवा लेने गया तब ज्योति बेटी मुस्कान के साथ फरार हो गई। अलमारी में रखे 4 लाख कैश,तीन मोबाइल और सोने के आभूषण भी ले गई। जितेंद्र के मुताबिक रुपये ऋण चुकाने के लिए रखे थे। उसने ज्योति को फोन लगाया लेकिन नंबर बंद मिलें। मंगलवार को वह मां के साथ थाने पहुंचा और ज्योति के विरुद्ध चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
