- लोन चुकाने के बाद भी आरोपित रुपयों की मांग करते थे। बात नहीं मानने पर परिचितों को अश्लील फोटो भेज देते थे।
- इंदौर के युवक ने पुलिस को की थी शिकायत। पूरा लोन जमा करने के बाद भी आरोपित धमका रहे थे।
- साइबर सेल ने गूगल प्ले स्टोर से जानकारी निकाली और सोमवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
- आरबीआइ में पंजीयन कराए बगैर सैकड़ों लोन एप गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद हैं, जो धोखाधड़ी करते हैं।
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने फार्मा व्यवसाय से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित लोन का झांसा देकर लोगों को ब्लैकमेल करता था। मुख्य आरोपित अभी फरार है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल और खातों की छानबीन कर रही है।
डीसीपी (अपराध) निमिष अग्रवाल के अनुसार,
आरोपित पशुपुलेथी रवींद्र वेंकटेश निवासी चित्तूर (तेलंगाना) है। एक युवक ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने फटाफट लोन एप ‘लेजेंट रूपी’ से लोन लिया था। ब्याज सहित रुपये जमा करने के बाद भी आरोपित उसे धमका रहे हैं। फोन से फोटो निकालकर परिचितों को भेज रहे हैं। साइबर सेल ने गूगल प्ले स्टोर से जानकारी निकाली और सोमवार को आरोपित पशुपुलेथी को गिरफ्तार कर लिया।
बैंक खातों की जानकारी जुटा रही पुलिस
डीसीपी के अनुसार, आरोपित हैदराबाद में फार्मा संबंधित व्यवसाय करता है। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि एक युवक ने मैसेंजर एप टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क किया था। उसने ‘लेजेंट रूपी’ लोन एप को प्ले स्टोर पर रजिस्टर्ड करने का काम सौंपा था। इसके बदले उसने क्रिप्टो करंसी में भुगतान किया था। डीसीपी के अनुसार, पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनसे रुपयों का लेनदेन हुआ है।
फोन हैक कर ब्लैकमेल करते हैं आरोपित
आरबीआइ में पंजीयन कराए बिना सैकड़ों लोन एप गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद हैं। ऐसे एप इंस्टाल करते ही फोन में सेव कान्ट्रैक्ट नंबर, फोटो गैलरी का एक्सेस भी ले लेते हैं। आरोपित लोन का पूर्ण भुगतान करने पर भी रुपयों की मांग करते हैं। रुपये नहीं देने पर फोटो एडिट कर अश्लील फोटो तैयार कर पीड़ित के परिचितों को भेज देते हैं।
