लापता युवक के स्वजन के साथ प्रजापत नगर के रहवासियों ने घेरा द्वारकापुरी पुलिस थाना, हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इंदौर की द्वारकापुरी और प्रजापत नगर के रहवासियों ने शुक्रवार को द्वारकापुरी थाना घेर लिया। थाने के बाहर कतारबद्ध बैठ गए और हनुमान चालीसा पढ़ना शुरू कर दी। लोग आठ दिन से लापता युवक को ढूंढ न पाने और टीआइ अलका मेनिया के रवैये से नाराज थे।
प्रजापत नगर निवासी 18 वर्षीय प्रेम उर्फ विशाल 2 मार्च से लापता है। 3 मार्च को उसकी थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवा दी थी। प्रेम की मां कंचन का आरोप है कि पुलिस गंभीर नहीं है। थाने आए, लेकिन टीआइ अलका मेनिया मिलती तक नहीं। प्रधान आरक्षक से पूछो तो कहता है कि तुम्हीं ढूंढ लो। प्रेम मार्केटिंग संबंधित काम करता है। वह मॉल जाने का बोलकर घर से निकला था। कंचन ने उसके दोस्तों के नाम भी बताए, लेकिन पुलिस ने किसी से पूछताछ ही नहीं की। क्षेत्रीय पार्षद राकेश जैन ने टीआइ को कॉल किया तो गुस्से में फोन काट दिया।
एसीपी की समझाइश के बाद धरना समाप्त
शुक्रवार को करीब 200 रहवासी थाने पहुंचे और बाहर बैठ गए। काफी देर तक हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे। अन्नपूर्णा एसीपी बीपीएस परिहार की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। एसीपी के मुताबिक, विशाल का फोन बंद आ रहा है। वह स्वयं मॉल जाने का बोलकर गया था। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छानबीन भी की, लेकिन जानकारी नहीं मिली।
