राहगीरों से मोबाइल लूटने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, 32 फोन जब्त

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में मोबाइल फोन लूट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शातिर बदमाश पैदल चल रहे लोगों को निशाना बनाते हैं और मोबाइल लूटकर फरार हो जाते हैं। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 32 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, जनवरी माह में बलराम डाबर ने रिपोर्ट लिखवाई थी कि वह मोबाइल पर बात करते हुए घर से पैदल बाजार जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर दो बदमाश आए और मोबाइल छीनकर भाग गए। आरोपितों की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चार लड़के चोरी के मोबाइल की खरीदी-बिक्री के लिए कैट रोड परमाणु नगर के सामने खड़े हैं।
घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ा

सूचना पर तत्काल टीम मौके पर पहुंची और सुजल उर्फ बाबा ठाकुर निवासी बेटमा, आकाश उर्फ टाइगर सोनगरा निवासी बेटमा, रोहित भातसे निवासी ग्राम मोहना (खरगोन) और पंकज उर्फ प्रवीण वर्मा निवासी बलकवाड़ा (खरगोन) को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपितों से 32 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये हैं। आरोपित मोबाइल की दुकान पर काम कर चुके हैं। इस कारण से उन्हें मोबाइल का तकनीकी ज्ञान भी है।

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर बनाई गैंग
सुजल और आकाश निवासी बेटमा की दोस्ती खरगोन में रहने वाले पंकज और रोहित से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई। सस्ते में मोबाइल खरीदने के लिए इनका संपर्क हुआ था, लेकिन बाद में इन्होंने गैंग तैयार कर ली।

- Advertisement -
Exit mobile version